Exclusive : श्रीगंगानगर की गलियों से टीम इंडिया तक का सफर, डेब्यू मैच में ही चमके मानव सुथार, बोले- सफेद जर्सी पहनना हर क्रिकेटर का सपना


राजस्थान के लाल का कमाल

​मानव सुथार का अब तक का शानदार करियर (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

जयपुर : राजस्थान के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली पल आया है. करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद राजस्थान के किसी क्रिकेटर ने भारतीय टेस्ट टीम की कैप और सफेद जर्सी हासिल कर इतिहास रच दिया है. राजस्थान रणजी टीम के कप्तान और देश के उभरते हुए लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने भारतीय टेस्ट टीम में न सिर्फ अपनी जगह पक्की की, बल्कि अफगानिस्तान के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि वे ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए.

राजस्थान रणजी टीम के कप्तान और उभरते हुए लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाकर इतिहास रचा. अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया. करीब एक दशक बाद राजस्थान का कोई खिलाड़ी भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल हुआ है, मानव सुथार का क्रिकेट सफर संघर्ष और लगातार मेहनत की मिसाल रहा है. बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाले मानव ने गंगानगर से क्रिकेट की शुरुआत की और फिर विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाई. घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए लगातार प्रभावी प्रदर्शन, रणजी ट्रॉफी में विकेट लेने की क्षमता और लंबी स्पेल फेंकने की कला ने उन्हें चयनकर्ताओं की नजर में ला खड़ा किया.

​मानव सुथार से खास बातचीत (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें: श्रीगंगानगर के मानव सुथार का टीम इंडिया में चयन, अफगानिस्तान टेस्ट श्रृंखला के लिए मिला पहला मौका

सफेद जर्सी पहनना अलग अनुभव : ​आज के दौर में भले ही टी-20 क्रिकेट का बोलबाला हो, लेकिन मानव सुथार के लिए टेस्ट क्रिकेट की अहमियत सबसे ऊपर है. भारतीय टेस्ट कैप मिलने के अनुभव को साझा करते हुए मानव ने कहा, “देश के लिए सफेद जर्सी पहनना मेरे जीवन का सबसे भावुक और बड़ा पल है. इसके लिए मैंने सालों पसीना बहाया है. टेस्ट क्रिकेट खिलाड़ी के धैर्य और तकनीकी कौशल की असली परीक्षा लेता है. रणजी क्रिकेट ने मुझे मानसिक रूप से मजबूत बनाया और सिखाया कि कैसे लंबे समय तक अनुशासन बनाए रखा जाता है.

मानव सुथार से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय टेस्ट टीम की कैप मिलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा पल है. इसके लिए मैंने कई वर्षों तक लगातार मेहनत की. अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना मेरे लिए बेहद खास रहा. उन्होंने कहा रणजी क्रिकेट ने मुझे सबसे ज्यादा निखारा. वहीं मैंने सीखा कि लंबे समय तक एक जैसी लय और अनुशासन कैसे बनाए रखना है. टेस्ट क्रिकेट में हर गेंद महत्वपूर्ण होती है और यही इसकी सबसे बड़ी चुनौती भी है.

इसे भी पढ़ें: 12 साल बाद राजस्थान को मिला नया टेस्ट क्रिकेटर, श्रीगंगानगर के मानव सुथार ने किया डेब्यू

पिता ने रास्ता दिखाया : मानव सुथार की इस सफलता के पीछे उनके पिता का सबसे बड़ा योगदान रहा. मानव ने बताया कि जब उनकी उम्र 10 साल थी तब उनके पिता ने उनमे क्रिकेट का हुनर देखा और एकेडमी में दाखिला दिलाया. इसके बाद मानव ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. मानव ने राजस्थान के लिए अलग अलग फॉर्मेट में क्रिकेट खेला और पिछले साल राजस्थान रणजी टीम की कप्तानी भी संभाली. मानव ने कहा कि अगर लक्ष्य भारतीय टीम तक पहुंचना है तो शॉर्टकट नहीं, बल्कि लगातार मेहनत और धैर्य और निरंतरता ही सफलता की जरुरत होती है. घरेलू क्रिकेट को गंभीरता से खेलें, क्योंकि यहीं से भारतीय टीम का रास्ता निकलता है.

इसे भी पढ़ें: Exclusive : कभी मां के उलाहने से शुरू हुआ मानव सुथार का क्रिकेट सफर, डेब्यू मैच परफॉर्मेंस पर पिता बोले- ऑल फॉर्मेट प्लेयर बनेगा बेटा

अभी तक ये रहा प्रदर्शन : घरेलू क्रिकेट में मानव सुथार का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है. उन्होंने 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 945 रन बनाने के साथ 129 विकेट हासिल किए हैं. इसके अलावा 25 लिस्ट-ए मुकाबलों में 350 रन और 34 विकेट दर्ज किए हैं. घरेलू टी-20 क्रिकेट में भी उन्होंने 29 मैच खेलते हुए 94 रन बनाए और 25 से अधिक विकेट अपने नाम किए हैं. इसके अलावा मानव ने 5 आईपीएल मुकाबले भी खेले है,मानव इंडिया अंडर 19, गुजरात टाइटंस का हिस्सा भी रह चुके है.

इससे पहले ये खिलाडी खेले टेस्ट : राजस्थान से इससे पहले केवल चार क्रिकेटरों को टेस्ट क्रिकेट खेलने का अवसर मिला है. इनमें सलीम दुर्रानी ने 29 टेस्ट में 1202 रन और 75 विकेट, हनुमंत सिंह ने 14 टेस्ट में 686 रन, पार्थसारथी शर्मा ने 5 टेस्ट में 187 रन और पंकज सिंह ने 2 टेस्ट में 2 विकेट हासिल किए थे. अब मानव सुथार इस एलीट क्लब में शामिल होने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं.

इसे भी पढ़ें: IND vs AFG: मानव सुथार ने रचा इतिहास, डेब्यू मैच में 6 विकेट लेकर तोड़ा 59 साल पुराना रिकॉर्ड



Leave a Comment