स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस ने एक बार फिर अपना दमदार खेल दिखाते हुए फीफा वर्ल्ड कप-2026 के क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 1998 और 2018 की चैंपियन फ्रांस ने बोस्टन स्टेडियम में खेले गए मैच में मोरक्को को 2-0 से मात दी और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।
इस मैच में फ्रांस ने बताया कि उसे हराना क्यों आसान नहीं है और क्यों वो इस साल भी खिताब की सबसे मजबूत दावेदार है। ये टीम लगातार तीसरे वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल में पहुंची है। चार साल पहले भी फ्रांस ने कतर में मोरक्को के वर्ल्ड कप के सफर को खत्म किया था और आज फिर यही हुआ।
एमबापे ने फिर दिखाया कमाल
इस मैच में एक बार फिर फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबापे छाए रहे। उन्होंने 60वें मिनट में गोल किया और अपनी टीम का खाता खोला। इस गोल ने मोरक्को को परेशानी में डाल दिया और फिर ओस्माने डेम्बेले ने छह मिनट बाद एक और गोल करते हुए फ्रांस की बढ़त को दो गुना कर दिया। इसी के साथ मोरक्को का सफर यहीं खत्म हो गया और फ्रांस ने खिताब की तरफ एक कदम आगे बढ़ा दिया है।
ये गोल करने से पहले एमबापे ने एक पेनल्टी मिस की थी और इससे पूरा स्टेडियम हैरान रह गया था, लेकिन इस चैंपियन खिलाड़ी ने वापसी की और अपनी टीम के लिए पहला गोल दागा। यहीं से मैच फ्रांस के फेवर में ज्यादा हो गया और अंत में उसे जीत मिली।
मोरक्को के गोलकीपर ने किया कमाल
फ्रांस के लिए ये जीत आसान नहीं रही। मोरक्को के गोलकीपर उसकी राह में दीवार की तरह खड़े थे। यासिने बाउनाऊ ने अपनी शानदार गोलकीपिंग से फ्रांस के अधिकतर मौकों को जाया कर दिया। एमबापे लगातार कोशिश कर रहे थे और यासिने उन्हें हताश कर रहे थे। फ्रांस ने शुरुआत से ही उनकी परीक्षा ली और पांचवें मिनट में ही अटैक कर दिया। पहले उन्होंने एमबापे के प्रयास को नकारा और फिर एक और प्रयास को फेल कर दिया।
मोरक्को ने भी इस मैच में फ्रांस के हाफ में कुछ मौके बनाए। हालांकि, फ्रांस ने उसके सबसे अच्छे खिलाड़ी हकीमी को आगे नहीं आने दिया। इस खिलाड़ी ने बामुश्किल गेंद को दूसरे टीम के हाफ में छुआ होगा। वह बार-बार आगे आने की कोशिश करते, लेकिन फ्रांस का डिफेंस उन्हें पीछे कर देता। पहले हाफ में तो कोई गोल नहीं हुआ। लेकिन दूसरे हाफ में फ्रांस ने दो गोल करते हुए मोरक्को के सफर को खत्म कर दिया।