FIFA World Cup 2026: 7वीं बार वर्ल्ड कप फाइनल में मेसी की अर्जेंटीना, सेमीफाइनल में इंग्लैंड हारा; अंतिम 7 मिनट में पलटा मैच


2026 FIFA World Cup Semi Final, England vs Argentina: लगातार दूसरी बार लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराया. अर्जेंटीना ने अंतिम लम्हों में जीत दर्ज की. एक समय ऐसा लग रहा था कि मेसी का सपना टूट जाएगा, और इंग्लैंड यह मैच जीत लेगा, लेकिन मैच के आखिरी लम्हों में अर्जेंटीना ने पहले मैच बराबरी पर किया, और फिर इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में गोल करके बढ़त बना ली. इस तरह अर्जेंटीना ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला 2-1 से जीता. फाइनल में अब अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. 

लियोने मेसी की अर्जेंटीना ने 7वीं बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है. अब 2026 फीफा विश्व कप का खिताबी मैच अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. वहीं, इंग्लैंड का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया है. अब इंग्लैंड और फ्रांस के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा. 

1-0 से आगे था इंग्लैंड, फिर अंतिम लम्हों में अर्जेंटीना ने पलटी बाजी 

इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में गॉर्डन के गोल की मदद से बढ़त ले ली थी, लेकिन अर्जेंटीना ने सात मिनट के अंदर दो गोल करके मैच का रुख पलट दिया. अर्जेंटीना के लिए सबसे पहले इंजो फर्नांडेज ने गोल दागा और फिर इंजरी समय में लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई. अर्जेंटीना ने आखिरी समय तक इस बढ़त को बरकरार रखा. लियोनल मेसी भले ही इस मैच में गोल नहीं कर सके, लेकिन दोनों गोल करने में उन्होंने मदद की.  

ऐसी रही पूरे मैच की कहानी

इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए अपनी शुरुआती एकादश में तीन बदलाव किए थे. मैनेजर थॉमस ट्यूशेल ने रीस जेम्स और जेड स्पेंस को रक्षापंक्ति में जगह दी जबकि विंगर के तौर पर नोनी माडुके की जगह मोर्गन रोजर्स ने ली. अर्जेन्टीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने भी एक बदलाव करते हुए रोड्रिगो डि पॉल की जगह जूलियानो सिमियोन को मौका दिया था. 

दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की, लेकिन साथ ही सतर्क रवैया भी अपनाया, जिससे शुरुआती 12 मिनट में आठ फाउल हुए लेकिन गोल की तरफ एक भी शॉट नहीं लगा. अर्जेन्टीना ने इसमें से पांच जबकि इंग्लैंड ने तीन फाउल किए. अर्जेन्टीना के खिलाड़ियों ने शुरुआती 20 मिनट में गेंद को अधिक समय अपने कब्जे में रखा लेकिन टीम कोई प्रभावी मूव बनाने में नाकाम रही. 

अर्जेन्टीना की टीम भाग्यशाली रही कि उसके खिलाड़ियों के रफ खेल के बावजूद शुरुआती 30 मिनट में उसके किसी खिलाड़ी को येलो कार्ड नहीं दिखाया गया. एंजो फर्नांडीज ने चौथे मिनट में इलियट एंडरसन और फिर 32वें मिनट में टीम के पेनल्टी एरिया में ज्यूड बेलिंघम के खिलाफ फाउल किया, लेकिन अमेरिकी रैफरी इस्माइल एलफेथ ने उन्हें येलो कार्ड नहीं दिखाया.

अर्जेन्टीना के खिलाड़ी के फाउल पर इंग्लैंड को 37वें मिनट में फ्री किक मिली. जेम्स ने इसे बाईं तरफ से गोल की तरफ पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से खतरे को टाल दिया.

कप्तान हैरी केन और एंथोनी गोर्डन ने लियोनल मेस्सी के खिलाफ जानबूझकर फाउल करने की कोशिश की, लेकिन अर्जेन्टीना के दिग्गज के खिलाफ फाउल किया एंडरसन ने जिसके लिए उन्हें मैच का पहला पीला कार्ड दिखाया गया. 

रैफरी एलफेथ ने 42वें मिनट में मोर्गन रोजर्स को खींचने के लिए अर्जेन्टीना के लिसांड्रो मार्टिनेज को भी येलो कार्ड दिखाया. बेलिंघम ने इस बीच स्पेंस के पास पर गेंद को आगे बढ़ाया लेकिन अर्जेन्टीना की रक्षापंक्ति ने उनके प्रयास को आसानी से विफल कर दिया.



Leave a Comment