French Open:चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में पहुंचीं, कोस्त्युक भी आगे बढ़ीं – French Open: Four-time Champion Iga Swiatek Reaches Fourth Round Of French Open Kostyuk Also Advances


चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक और यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक ने शुक्रवार को फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में जगह बनाई। पांच ग्रैंडस्लैम विजेता स्वियातेक ने हमवतन पोलिश खिलाड़ी मैग्डा लिनेट को 6-4, 6-4 से शिकस्त दी जबकि, मार्ता ने विक्टोरिया गोलुबिच को 6-4, 6-3 से हराकर दूसरी बार चौथे दौर में प्रवेश किया। मार्ता का सामना अब अगले दौर में स्वियातेक से होगा। 

मार्ता बेहतरीन फॉर्म में

15वीं रैंकिंग पर काबिज मार्ता इस समय बेहतरीन फॉर्म में है और उन्होंने क्ले कोर्ट पर अपनी जीत का सिलसिला लगातार 15 मैचों तक पहुंचा दिया है। रोलां गैरों से पहले उन्होंने मैड्रिड में अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब जीता था। इससे पहले उन्होंने फ्रांस के रूएन में भी क्ले कोर्ट पर एक और खिताब अपने नाम किया था। वह 2021 में भी पेरिस में चौथे दौर तक पहुंची थीं जहां उन्हें स्वियातेक के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

चौथे दौर में पहुंचने वाली एक और खिलाड़ी चीन की वांग शियू हैं, जिन्होंने यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुब्त्सेवा को 6-3, 7-5 से हराया। चीन की इस क्वालिफायर ने अब तक अपने अभियान में एक भी सेट नहीं गंवाया है। पुरुष वर्ग में शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी यानिक सिनर के बाहर होने के एक दिन बाद तीन बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच का सामना ब्राजील के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका से होगा।

पेरिस में अपना पहला बड़ा खिताब जीतने की दौड़ में शामिल दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव फ्रांस के क्वेंटिन हैलिस के खिलाफ अपनी पहली बड़ी ट्रॉफी जीतने की मुहिम को आगे बढ़ाएंगे। वहीं आंद्रे रुबलेव का मुकाबला नूनो बोर्गेस से होगा जबकि कैस्पर रूड का सामना टॉमी पॉल से होगा।


Leave a Comment