Garhwa News: खरौंधी, प्रतिनिधि। प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय, खरौंधी के खेल मैदान में गुरुवार को प्रखंडस्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन बीपीओ विपिन बिहारी गुप्ता की देखरेख में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी गौतम कुमार लकड़ा, विधायक प्रतिनिधि हिफाजत अंसारी, प्रधानाध्यापक उच्च विद्यालय खरौंधी नंदकिशोर पाठक सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मौके पर बीडीओ सह सीओ गौतम कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसा प्रदर्शन करें कि आपके विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य का नाम रोशन हो।
अनुशासन, मेहनत और लगन से ही खिलाड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। विधायक प्रतिनिधि हिफाजत अंसारी ने कहा कि सुब्रतो कप जैसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं और विद्यालय हमेशा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देता रहेगा।प्रधानाध्यापक नंदकिशोर पाठक ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है। खेल से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, प्रखंड और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बीआरपी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पंकज कुमार, सीआरपी दिनेश कुमार दुबे, खेल शिक्षक कृष्णा यादव, शिक्षक अमरेश कुमार राम, नीरज कुमार दुबे, अरविंद कुमार गुप्ता, मो. जमालुद्दीन, दिवाकर चतुर्वेदी, अजय तिर्की, सावित्री यादव, अशोक राम, अरुण राम, सोनू कुमार, अजित कुमार तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालयकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।