Garhwa News: खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए हर तरह का प्रशासनिक सहयोग मिलेगा: डीसी, Garhwa Hindi News


Garhwa News: गढ़वा, प्रतिनिधि। प्रथम गढ़वा जिला अंतर विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ फुटबॉल स्टेडियम में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, प्रतियोगिता के अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय, सचिव मदन प्रसाद केशरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और प्रतियोगिता का ट्रॉफी का अनावरण कर किया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में फुटबॉल प्रतियोगिता का शुरू होना अभूतपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए हर तरह का प्रशासनिक सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला खेल पदाधिकारी और जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति ने मिलकर खिलाड़ियों के प्रतिभा को आगे लाने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का शुरुआत किए हैं। बालक और बालिकाओं के लिए फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना यह बहुत ही सकारात्मक और प्रेरणादायक सोच है। गढ़वा में फुटबॉल और अन्य खेलों के लिए अपार संभावनाएं हैं। अगर स्थानीय प्रशासन और खेल प्रेमी मिलकर काम करें, तो युवाओं और खिलाड़ियों को सही मंच मिल सकता है। गढ़वा में खेल प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रशासन आपके साथ है। खेल पदाधिकारी ने कहा कि आप सभी लोग खेल को दिनचर्या में शामिल करें अभ्यास करने के लिए आप सभी लोगों को खेल मैदान उपलब्ध कराया जाएगा| डीएसई अनुराग ने कहा कि सभी खिलाड़ी टीम भावना के साथ खेले इस प्रतियोगिता में सरकारी विद्यालय की टीम भी भाग ले रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से भी ज्यादा से ज्यादा टीम प्रतियोगिता में भाग ले इसका वह प्रयास कर रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी बड़े मंच पर खेल का प्रदर्शन कर सकें।

प्रतियोगिता का महत्व

प्रतियोगिता के अध्यक्ष अलखनाथ ने कहा कि जिले में पहली बार स्कूल स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। फ़ुटबॉल केवल एक शारीरिक खेल नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों में मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास का एक बेहतरीन माध्यम है।यह खेल संपूर्ण शरीर की कसरत के साथ-साथ त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और मजबूत मानसिकता का निर्माण करता है। जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति ने जिस तरह से जिले में क्रिकेट को आगे ले जाने का काम किया है अब फुटबॉल को भी आगे ले जाने का काम करेगा। सचिव मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि फुटबॉल वास्तव में करियर और फिटनेस दोनों के लिहाज से एक असीम संभावनाओं वाला खेल है। जिले के युवा खिलाड़ी कड़ी मेहनत और अपनी प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रौशन करेंगे। इस मौके पर प्रतियोगिता के जिला कोऑर्डिनेटर सह कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार दुबे, उपाध्यक्ष सुशील केसरी संजय सोनी, मुजीबउद्दीन खान, कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा, सह सचिव प्रिंस सोनी, संजय सिंह पूर्व खिलाड़ी सह उपाध्यक्ष जीनाहुदीन खान,धर्मराज भारती, सह सचिव आनंद यादव, कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार, अभिषेक द्विवेदी, मनीष उपाध्याय, मनोज तिवारी,मनोज पाठक , राहुल साहू, अजीत सिन्हा, कुश कुमार, ललन कुमार फुटबॉल कोच सोनी कुमारी सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।

::बॉक्स::आरके पब्लिक ने ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट को हराया

जिला प्रशासन और जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के संयुक्त तत्वावधान में खेले जा रहे प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा की टीम ने ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल को 2-0 से हराकर पूरे अंक अर्जित किया। माही कुमार ने हिमांशु सिंह के शानदार पास से गोल किया। दूसरे हाफ में नमन ने शानदार पेनल्टी किक को गोल में बदल कर के अपनी टीम को 2-0 कि बढ़त दिलाई| बेहतर खेल के लिए आरके पब्लिक स्कूल के माही कुमार को प्लेयर ऑफ द डे का पुरस्कार जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने प्रदान किया।



Leave a Comment