Government Aid Is Now Reaching Accounts Directly, Without The Need For Recommendations Or Running From Pillar To Post: Cm – Chandigarh-haryana News


नायब सैनी ने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा, कहा- इन्होंने चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया

अमर उजाला ब्यूरो

चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की वजह से अब लोगों को सरकारी सहायता पाने के लिए न सिफारिश की जरूरत पड़ती है और न ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। शुक्रवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य गरीब, किसान, महिला, युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों का जीवन आसान और सम्मानजनक बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक गरीबों और किसानों के नाम पर राजनीति की है।कांग्रेस ने गरीबों को आंसू दिए जबकि पीएम नरेंद्र मोदी ने गरीबों के आंसू पोंछने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने रोजगार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब सरकारी नौकरियां बिना पर्ची और बिना खर्ची के दी जा रही हैं। पिछले डेढ़ साल में 50 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी दी गई है। भर्ती अब मेरिट के आधार पर हो रही है जिससे युवाओं का भरोसा बढ़ा है।

पंजाब का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां किसानों, युवाओं और आम लोगों से कई वादे किए गए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। पंजाब में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है और इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत और डीबीटी जैसी योजनाओं से गरीबों को सीधा लाभ मिल रहा है। जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं वहां सरकार अपने काम का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखती है। पीएम नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित हरियाणा दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बार प्रधानमंत्री राज्य को नई विकास परियोजनाओं की सौगात देकर जाते हैं और इस बार भी प्रदेश को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। जलभराव की समस्या पर उन्होंने कहा कि सरकार बोरवेल बनाने और जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने का काम कर रही है ताकि लोगों को बारिश के मौसम में परेशानी न हो।



Leave a Comment