HKRN पर कांग्रेस का बड़ा वार, Gen Z को साधने की तैयारी, 19 अगस्त को पंचकूला में “युवाओं की गूंज” से घेरेंगे सरकार को


HARYANA CONGRESS GEN Z

HKRN पर कांग्रेस का बड़ा वार (ETV Bharat)

चंडीगढ़:चंडीगढ़ में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एचकेआरएन को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा. उनके साथ कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला और पूर्व डिप्टी सीएम चंद्र मोहन भी मौजूद रहे. कांग्रेस ने एचकेआरएन के जरिए रोजगार देने के सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए युवाओं के मुद्दे पर आंदोलन की घोषणा की.

14 लाख युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन: चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, “हरियाणा कौशल रोजगार निगम की शुरुआत 2019 में समान काम-समान वेतन और ठेकेदारी प्रथा खत्म करने के उद्देश्य से की गई थी. एचकेआरएन में 14 लाख युवाओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया और 1 लाख 13 हजार लोगों को डिप्लॉय किया गया, लेकिन इनमें 97 हजार पुराने कर्मचारी थे और केवल 16 हजार नए कर्मचारी थे.”

19 अगस्त को पंचकूला में “युवाओं की गूंज”: कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि, “19 अगस्त को पंचकूला में “युवाओं की गूंज” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें कांग्रेस के विधायक, सांसद और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे. उन्होंने पार्टी युवाओं से जुड़े रोजगार और नौकरी की सुरक्षा जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाएगी. सरकार को एचकेआरएन के माध्यम से नौकरी पाने वाले युवाओं को पक्की नौकरी और सभी सरकारी सुविधाएं देनी चाहिए. सरकार हमें जानकारी दे कि कितने युवाओं को वास्तव में नई नौकरियां दी गई हैं. प्रदेश में बेरोजगारी और कानून व्यवस्था बदहाल है.”

Gen Z को साधने की तैयारी में कांग्रेस (ETV Bharat)

स्कूलों से लेकर दूसरे विभागों में पद खाली: कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश में जलभराव और सरकारी विभागों में खाली पदों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि, “गुरुग्राम समेत कई क्षेत्रों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित है.” वहीं, सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में करीब 26 फीसदी पद खाली होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि, “दूसरे विभागों में भी कर्मचारियों की कमी बनी हुई है.”

विधानसभा सत्र में मुद्दे उठाने की तैयारी: राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, “आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायक प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे. रोजगार, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, जलभराव और सरकारी विभागों में खाली पदों समेत कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा.”

आदित्य सुरजेवाला ने भी साधा निशाना: कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी एचकेआरएन के जरिए रोजगार देने के सरकार के दावों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, “सरकार ने एचकेआरएन में केवल 16 हजार नौकरियां दी हैं. एक लाख भर्ती की बात कही गई, लेकिन ये वही लोग थे जो अलग-अलग विभागों में पहले से काम कर रहे थे. एचकेआरएन रोजगार देने की ऑर्गनाइजेशन नहीं है, बल्कि विज्ञापन देने और बच्चों को गुमराह करने की ऑर्गनाइजेशन है. एचकेआरएन के जरिए नौकरी पाने वाले किसी भी कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया है.”

ये भी पढ़ें: Gen-G को एक मंच पर लाएगा INSO, फीस से लेकर खाली पदों तक उठेगी छात्रों की आवाज, दिग्विजय बोले- “मांगें समान तो मंच भी हो एक”



Leave a Comment