पीटीआई, नई दिल्ली। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लैंड के टी-20 अंतरराष्ट्रीय दौरे पर भारत के निराशाजनक प्रदर्शन के लिए मध्यक्रम की कमजोरी, बेहतरीन ऑलराउंडर की कमी और खराब क्षेत्ररक्षण को जिम्मेदार ठहराया। इंग्लैंड ने भारत को पांच मैच की सीरीज में 4-0 से हराया।
इससे पहले भारतीय टीम आयरलैंड के विरुद्ध दोनों मैच में हार गई थी। पुजारा ने जियोहॉटस्टार से कहा कि इंग्लैंड के पास पांचवें, छठे, सातवें और आठवें नंबर पर ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्होंने पूरा योगदान दिया। भारत की बात करें तो हमारे पास पांचवें नंबर पर तिलक वर्मा और छठे नंबर पर शिवम दुबे थे, लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के मध्यक्रम के बल्लेबाजों की तरह खास योगदान नहीं दिया।
भारत के पास ऑलराउंडर की कमी
वहीं भारत के पास बेहतरीन ऑलराउंडर की भी कमी है और यह उसके लिए बड़ी चिंता का विषय है। भारत का क्षेत्ररक्षण भी बहुत खराब रहा। पुजारा ने कहा कि यह माना जा सकता है कि यह युवा टीम है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन खराब क्षेत्ररक्षण किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जा सकता है। खेल के सबसे छोटे प्रारूप में क्षेत्ररक्षण की भूमिका अहम होती है।