Last Updated:
Rohit Virat will play 400th international match together: भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे में विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी भारत के लिए 400वां इंटरनेशनल मैच साथ खेलने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाएगी. ऐसा करने वाली यह पहली भारतीय जोड़ी होगी, जिसने पहले ही सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ (391 मैच) को पीछे छोड़ दिया है. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 550 मैच साथ खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली एक साथ 400वां मैच खेलने उतरेंगे.
नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेला जाना है. तीसरे वनडे में मैदान पर उतरने के साथ ही विराट कोहली और रोहित शर्मा की जोड़ी बड़ी उपलब्धि हासिल करेगी. दरअसल, लॉर्ड्स में रोहित और कोहली एक साथ मिलकर भारत की ओर से 400वां इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरेंगे. कोहली-रोहित की जोड़ी इस मुकाम तक पहुंचने वाली भारत की ओर से पहली जोड़ी बनेगी.
सचिन-द्रविड़ को छोड़ चुके पीछे
यह दोनों इस खास लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी को पहले ही पीछे छोड़ चुके हैं. सचिन-द्रविड़ ने भारत के लिए एक साथ मिलकर 391 मुकाबले खेले हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साथ सबसे ज्यादा मैच खेलने का विश्व रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली.
संगकारा और जयवर्धने ने एक साथ श्रीलंका के लिए 550 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. वह दो एकदिवसीय मुकाबलों में अब तक सिर्फ 37 रन ही बना सके हैं.
RO-KO से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद
दूसरे वनडे में 47 गेंदों का सामना करने के बाद रोहित महज 26 रन ही बना सके थे और अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे. रोहित के भविष्य को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉर्ड्स वनडे को रोहित के करियर का आखिरी मैच बताया जा रहा था. हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने सभी अफवाहों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है.
हालांकि, दूसरे वनडे में विराट कोहली अच्छी लय में दिखाई दिए थे. उन्होंने मुश्किल हालातों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंदों में 65 रनों की दमदार पारी खेली थी. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके लगाए थे. कोहली ने रोहित के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 60 और फिर चौथे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर संग मिलकर 67 रनों की अहम साझेदारी निभाई थी.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें