स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। इस समय वह भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में टेस्ट मैच खेल रही हैं और इसी मैच के बीच उन्होंने ये एलान किया कि ये उनका आखिरी मैच होगा।
देखा जाए तो नाइट इस मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने वाली इंग्लैंड की दूसरी खिलाड़ी होंगी। उनसे पहले टैमी बेयूमोंट ने भी कहा था कि लॉर्ड्स टेस्ट के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगी। अब नाइट ने भी यही दोहराया है।
इंग्लैंड को जिताया वर्ल्ड कप
नाइट वो कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने इसी लॉर्ड्स मैदान पर साल 2017 में वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को मात दी थी। 2010 में उन्होंने अपना डेब्यू किया और 16 साल के करियर का अलविदा कहने का मन बना लिया। उन्होंने 199 मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी की। नौ साल का उनका कप्तानी करियर साल 2025 में एशेज में मिली हार के बाद खत्म हो गया। वह चार्लोड एडवर्ड्स की जगह टीम की कप्तान बनी थीं।
अपने संन्यास को लेकर नाइट ने कहा, “एक इंग्लैंड क्रिकेटर के तौर पर जो सफर मैंने तय किया है उसके लिए मैं काफी कृतज्ञ हूं और अपने आप को भाग्य़शाली मानती हूं। बीते 16 साल से जो लोग और ड्रेसिंग रूम मेंरी जिंदगी का हिस्सा था उससे दूर जाना बहुत मुश्किल है।”
ऐसा रहा करियर
भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच में इंग्लैं की पहली पारी में नाइट ने छह रन बनाए। उनका करियर देखा जाए टेस्ट में वह 15 मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं जिसमें भारत के खिलाफ खेला जा रहा मैच शामिल है। अभी तक उनके खाते में 976 रन हैं। अगर वह दूसरी पारी खेलने आती हैं जो इसमें इजाफा हो सकता है। वहीं इस बल्लेबाज ने 160 वनडे मैचों में 4372 रन बनाए जिनमें तीन शतक और 27 अर्धशतक शामिल रहे हैं। इंग्लैंड के लिए उन्होंने 145 टी20 मैच खेले हैं जिनमें 2656 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से इस फॉर्मेट में एक शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं।