India-China ISR Gap: चीन के पास LAC पर 300 सैटेलाइट का चक्रव्‍यूह, भारत के पास सिर्फ 15, ‘किल चेन’ कैसे टूटेगा? – china sensor war military satellites gap at lac pla kill chain isr architectures and india counter options


China Military Satellites: तकनीक के मामले में भारत चीन से पीछे नहीं है लेकिन संख्या के मामले में भारत चीन के सामने कहीं नहीं ठहरता है। चीन के 300 के मुकाबले भारत के पास सिर्फ 15 सैटेलाइट्स हैं और जाहिर तौर पर वो चीन की तरह हर एक मिनट की जानकारी नहीं जुटा सकते हैं।

हाइलाइट्स

  • चीन ने इंटेलिजेंस, सर्विलांस और टोही क्षमता के लिए 300 सैटेलाइट बनाए
  • भारत के पास सिर्फ 15 सैटेलाइट इस क्षमता के लिए हैं जो काफी कम है
  • चीनी सैटेलाइट्स खराब से खराब मौसम में भी जुटा सकते सटीक जानकारी
India China ISR Gap Defence
चीन के 300 सैटेलाइट्स के चक्रव्यूह का तोड़ भारत के पास क्या है?
बीजिंग/नई दिल्ली: आधुनिक युद्ध में गोली चलने से पहले सेंसर से युद्ध लड़ा जाता है। जो पक्ष सबसे पहले देखता, समझता और फैसला लेता है वही लड़ाई के नियम तय करता है और युद्ध को कंट्रोल करता है। यही इंटेलिजेंस, सर्विलांस और टोही (ISR) का लॉजिक है। भारत और चीन के बीच 3,488 किलोमीटर लंबी लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) और हिंद महासागर में ISR क्षमता ही चीन और भारत के बीच मिलिट्री बैलेंस तय करती है। इस अंतर को समझना और इसे कम करना भारत की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है।

चीन ने ISR सिस्टम को अपनी कमजोंरियों को दूर करने के लिए बनाया था। 1996 के ताइवान संकट ने बीजिंग को यह एहसास दिलाया कि रणनीतिक तौर पर ‘अंधा’ होना अस्तित्व के लिए खतरा है। अगर दुश्मन के प्लेटफॉर्म का पता ही न चले तो कितनी भी ज्यादा गोला बारूद क्यों ना हो वो बेकार है। उसके बाद तीन दशकों के निवेश से चीन ने एक ऐसा ISR सिस्टम बनाया है जो तेजी, बड़े पैमाने और दबदबे के लिए जाना जाता है।

चीन ने 300 सैटेलाइट्स से कैसे बनाया ‘चक्रव्यूह’

  • ISR का बुनियादी आधार अंतरिक्ष है। चीन 300 से ज्यादा मिलिट्री सैटेलाइट और युद्ध के समय जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल होने वाले 100 से ज्यादा दोहरे इस्तेमाल वाले सैटेलाइट का इस्तेमाल करता है।
  • 0.5 मीटर रिजॉल्यूशन वाला ‘याओगन’ कॉन्स्टेलेशन सैटेलाइट टारगेटिंग के लिए मुख्य आधार का काम करता है।
  • 0.1 मीटर रिज़ॉल्यूशन वाली ‘गाओफेन’ सीरीज के सैटेलाइट गाड़ियों और विमानों के प्रकार और रडार की दिशा में अंतर कर सकती है। SAR (सिंथेटिक अपर्चर रडार) से लैस सैटेलाइट खराब मौसम में भी कवरेज बनाए रखते हैं।

चीन सैटेलाइट इंटेलिजेंस, सर्विलांस और टोही काम कैसे करते हैं?

लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह (रिटायर्ड) ने डेक्कन हेराल्ड में लिखा है कि इस स्पेस लेयर में डेटा का इंटीग्रेशन (फ़्यूज़न) क्षमता को कई गुना बढ़ा देता है। याओगन-आधारित ELINT ट्रिपलेट्स रडार सिग्नल का पता लगाकर 100 मीटर की सटीकता के साथ उनकी स्थिति का पता लगाते हैं जबकि जिलिन-1 (Jilin-1) सैटेलाइट चलते हुए काफिलों को ट्रैक करते हैं।
बेइदोऊ (Beidou) की 10-सेंटीमीटर की सटीकता और जियो-स्टेशनरी तियानलियन (Tianlian) रिले सैटेलाइट देरी (लेटेंसी) को कम करते हैं। इसके अलावा एक अरब से ज्यादा मोबाइल यूजर्स बेइदोऊ को एक मजबूत ISR एसेट बनाते हैं। हर चीनी फोन एक संभावित सेंसर का काम करता है।

भारत में सबकुछ कैसे देख रहा है चीन?

अंतरिक्ष से कैसे करता है निगरानी- चीन के पास 300 से ज्यादा मिलिट्री सैटेलाइट्स हैं। ये सैटेलाइट्स इतनी ताकतवर हैं कि खराब मौसम या बादलों के बीच भी भारत की गाड़ियों, फाइटर जेट्स और यहां तक कि रडार की लोकेशन को बिल्कुल सटीक यानि सेंटीमीटर की सटीकता के साथ पकड़ लेती हैं।
हवा में ड्रोन से सर्विलांस- चीन के ड्रोन जैसे WZ-7 18 किलोमीटर की ऊंचाई पर उड़कर लगातार जासूसी करते हैं। उसके KJ-500 AWACS विमान भारत के अंदर 500 किलोमीटर दूर तक उड़ते विमानों को देख सकते हैं। Y-9 SIGINT विमान 400 किलोमीटर दूर से भारत के इलेक्ट्रॉनिक ऑर्डर ऑफ बैटल का नक्शा बना सकते हैं। समुद्री इलाके में जिबूती में मौजूद PLA के विमान (KQ-200 और Y-9Qs) ISR के दायरे को हिंद महासागर तक बढ़ाते हैं।

जमीन और समंदर- चीन ने भारत की सीमा (LAC) के पास रडार की एक दीवार खड़ी कर दी है। उसके रडार भारत में मिसाइल और सैटेलाइट की मूवमेंट को 5,000 किलोमीटर दूर से ट्रैक कर सकते हैं। समंदर के नीचे उसने साउंड सेंसर (हाइड्रोफोन्स) लगाए हैं जो भारतीय जहाजों की आवाज सुनते हैं।

चीन ने बनाया किल चेन- इन सब सेंसरों का डेटा एक जगह जमा होता है। चीन की सेना को LAC पर होने वाले किसी भी बदलाव का पता कुछ ही मिनटों में चल जाता है और वे तुरंत हमला कर सकते हैं।

चीन को काउंटर करने की भारत की क्षमता क्या है?

लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने लिखा है कि तकनीक के मामले में भारत चीन से पीछे नहीं है लेकिन संख्या के मामले में भारत चीन के सामने कहीं नहीं ठहरता है। चीन के 300 के मुकाबले भारत के पास सिर्फ 15 सैटेलाइट्स हैं और जाहिर तौर पर वो चीन की तरह हर एक मिनट की जानकारी नहीं जुटा सकते हैं।

चीन के मुकाबले भारत की अंतरिक्ष में कमजोर क्षमता

CARTOSAT-3 की 0.25 मीटर वाली तस्वीरें गाड़ियों और विमानों की पहचान कर सकती हैं। RISAT हर मौसम में कवरेज देते हैं। EMISAT रडार की लोकेशन का पता लगा सकता है लेकिन चीनी ELINT ट्रिपलेट्स की तरह ट्रायंगुलेशन नहीं कर सकता। NavIC 5-मीटर की एक्यूरेसी देता है जो बेइदोऊ से कम सटीक है।

हवा में भारत के पास कोई HALE ड्रोन नहीं है (MQ-9B को अभी शामिल किया जाना बाकी है)। इसका MALE बेड़ा हेरॉन, सर्चर और रुस्तम ड्रोन चीन के 40 घंटे के स्टैंडर्ड के मुकाबले 24 घंटे के मिशन पर उड़ता है। भारत के AWACS अच्छा काम करते हैं लेकिन 24×7 कवरेज के लिए इनकी संख्या बहुत कम है। P-8I पोसीडॉन नौसेना को एक खास बढ़त देता है लेकिन कोई खास SIGINT एयरक्राफ्ट नहीं है।

जमीन और समंदर में भी भारत पीछे कैसे- जमीन पर स्थिति बहुत अलग है। भारत के पास ‘ओवर-द-होराइजन’ रडार नहीं हैं जिससे तिब्बत के अंदर हो रही हवाई गतिविधियों का पता नहीं चल पाता। AN/TPQ-37 और स्वाति रडार की संख्या पूरी सीमा को कवर करने के लिए बहुत कम है। बिना इंसानी मदद वाले जमीनी सेंसर का अभी भी टेस्ट और तैनाती की जा रही है। एयरोस्टैट्स को अभी तैनात किया जाना बाकी है और समुद्र की सतह पर कोई सेंसर नेटवर्क नहीं है। SIGINT यूनिट्स तो हैं लेकिन वे आपस में जुड़ी या नेटवर्क से जुड़ी नहीं हैं।

ISR लड़ाई में चीन को कैसे काउंटर कर सकता है भारत?

स्मार्ट तरीके से निगरानी- भारत को पूरी सीमा पर नजर रखने की जरूरत नहीं है। हमें सिर्फ उन चुनिंदा ‘डार्क स्पॉट्स’ यानि संवेदनशील इलाकों पर चौबीसों घंटे नजर रखनी चाहिए जहां से चीन हमला कर सकता है। अगर हमें 4K क्वालिटी की निगरानी नहीं मिल रही तो 1080p (कामचलाऊ लेकिन सटीक) निगरानी भी काफी है।

डेटा का इंटीग्रेशन जरूरी- ISR के लिए सिर्फ प्लेटफॉर्म की संख्या नहीं बल्कि जबरदस्त इंटीग्रेशन की जरूरत है। किसी एक सर्विस या एजेंसी तक सीमित रहना अचानक हमले का कारण बन सकता है। ‘थिएटर-आधारित सिस्टम’ ऑपरेशनल अंधेपन को ठीक कर सकता है लेकिन रणनीतिक अंधेपन को दूर करने के लिए एक नेशनल ISR फ्यूजन सेंटर की जरूरत है। इसके लिए AI-आधारित फ्यूजन और ऑटोमेटेड सेंसर के इस्तेमाल में निवेश की जरूरत है।

सेंसर की संख्या बढ़ाने की जरूरत- लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने सलाह दी है कि निजी सेक्टर की कंपनियों को शामिल कर भारत को अपनी सेंसर क्षमता तेजी से बढ़ाने की जरूरत है। स्पेस एक्स की तरह बनने का सपना देखने के बजाए भारत को उन बाधाओं को हटाने की कोशिश करना चाहिए जो निजी सेक्टर को स्पेस में उड़ान भरने दे। भारत को कई रूकावटों को दूर करना होगा जैसे लॉन्च-स्लॉट मिलना, IN-SPACe के नियम और कैपिटल जो दोहरे इस्तेमाल (डुअल-यूज़) वाले स्पेस स्टार्टअप्स की राह में बाधा बन रही हैं। सरकारी एकाधिकार को खत्म करके प्राइवेट कंपनियों के लिए जगह बनानी होगी।
अंत में भारत को अपनी ISR क्षमता को मजबूत बनाने के लिए अलग तरह की (असिमेट्रिक) रणनीतियां अपनानी होंगी। चीन के सेंसर नेटवर्क का मुकाबला करने के लिए उसे स्पूफिंग टेक्नोलॉजी विकसित करनी होगी। उसे अपनी ISR क्षमता को पूरी तरह से आत्मनिर्भर मानने के बजाय ‘फ्रेंडली-आई’ यानि दोस्त देशों के साथ सहयोग को तेजी से बढ़ाना होगा। भारत को मुश्किल हालात में भी अपने प्लेटफॉर्म को सुरक्षित रखने की योजना बनानी होगी। सबसे बढ़कर जमीन पर अपनी कमियों की भरपाई के लिए उसे समुद्र में अपनी ISR ताकतों जैसे P-8I फ्लीट और IMAC का इस्तेमाल करना चाहिए।

अभिजात शेखर आजाद

लेखक के बारे मेंअभिजात शेखर आजादअभिजात शेखर आजाद नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में इंटरनेशनल अफेयर्स, डिफेंस जर्नलिस्ट हैं। उनके पास अलग अलग न्यूज चैनलों और डिजिटल पत्रकारिता में करीब 17 सालों का अनुभव है। वे अंतरराष्ट्रीय राजनीति (International Politics), वैश्विक कूटनीति (Global Diplomacy) और रक्षा रणनीति (Defense Strategy) के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने इन वर्षों में 3 अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल-हमास युद्ध, मिडिल ईस्ट, अफगानिस्तान युद्ध, ISIS के खिलाफ संघर्ष, भारत पाकिस्तान संघर्ष जैसे अहम अंतर्राष्ट्रीय घटनाओं को कवर किया है।

अभिजात शेखर आजाद वैश्विक राजनीति का विश्लेषण करते हैं और भारत पर उसका क्या असर होगा, इसका एनालिसिस करते हुए विश्लेषणात्मक स्टोरी लिखते हैं। इसके अलावा इंटरनेशनल डिफेंस सेक्टर पर उनकी खास नजर होती है। हथियारों की खरीद बिक्री, अंतर्राष्ट्रीय हथियार व्यापार पर वो करीबी नजर रखते हैं। रक्षा जगत में अंदरूनी पहुंच होने की वजह से डिफेंस मामलों पर उनकी सटीक खबरों का काफी प्रभाव है।

विशेषज्ञता- इंटरनेशनल डिप्लोमेसी के साथ साथ डिफेंस सेक्टर की खबरों के विश्लेषण में अच्छी पकड़। भारतीय वायुसेना और नौसेना और डिफेंस इंटेलिजेंस में पैठ। जियो-पॉलिटिक्स को लेकर अभिजात शेखर आजाद के अनुमान अकसर सही साबित होते हैं। उनकी विशेषज्ञता केवल समाचार रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि वे जटिल अंतरराष्ट्रीय संबंधों को भारतीय दर्शकों के लिए सरल और प्रभावी ढंग से समझाने के लिए जाने जाते हैं। राफेल डील से लेकर अत्याधुनिक मिसाइल टेक्नोलॉजी और वैश्विक शक्ति संतुलन पर सैकड़ों विश्लेषणात्मक लेख।

पत्रकारिता अनुभव: अभिजात शेखर आजाद के पत्रकारिता में करीब 17 सालों का अनुभव है। उन्होंने 2009 से पत्रकारिता में अपना कैरियर शुरू किया था और उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग में अच्छी पकड़ बनाई। उन्होंने समाचार प्लस और ज़ी मीडिया जैसे संस्थानों में काम किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल विश्वविद्यालय से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातक किया है।

पुरस्कार: अभिजात को ज़ी मीडिया में बेहतरीन लेखन के लिए ‘बेस्ट राइटर’ अवार्ड मिल चुका है। इसके अलावा उन्हें दो बार ENBA अवार्ड भी मिला है।

अभिजात के खास इंटरव्यू:
अभिजात शेखर आजाद का ‘बॉर्डर-डिफेंस’ नाम से साप्ताहिक वीडियो इंटरव्यू आता है, जिसमें वो सैन्य अधिकारियों और डिप्लोमेट्स से बात करते हैं। उन्होंने कई बड़े चेहरे जैसे DRDO के वैज्ञानिक और ब्रह्मोस मिसाइल बनाने वाले वैज्ञानिक अतुल दिनकर राणे, डीआरडीओ वैज्ञानिक हरि बाबू चौरसिया, भारतीय सेना के पूर्व आर्मी चीफ वेद मलिक, लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, लेफ्टिनेंट जनरल संजय वर्मा, एयर मार्शल रवि कपूर, एयर फोर्स अधिकारी विजयेन्द्र के ठाकुर, फाइटर पायलट आरके नारंग, डिप्लोमेट एसडी मुनि, डिप्लोमेट सी उदय भाष्कर, डिप्लोमेट अनिल त्रिगुणायत, डिप्लोमेस रोबिंदर सचदेव, नौसेना कैप्टन श्याम कुमार समेत कई एयरफोर्स और नौसेना अधिकारियों का इंटरव्यू ले चुके हैं।… और पढ़ें