India Nepal Susta,भारत-नेपाल के बीच सुस्ता पर तनाव, नेपाली सैन्य टीम का BSF से आमना-सामना, दिल्ली ने काठमांडू से पूछा सवाल – india nepal border kathmandu steps up security in susta india questions nepal military team visit – Asian countries News


भारत और नेपाल के बीच सुस्ता को लेकर तनाव बढ़ गया है। हाल ही में नेपाली सैन्य टीम ने इस इलाके का दौरा किया था, जिस पर BSF के जवानों ने उन्हें रोक लिया था। अब इस मामले में भारत ने नेपाली विदेश मंत्रालय से सवाल पूछा है।

India Nepal Susta
भारत और नेपाल के बीच सुस्ता का मुद्दा गरमा रहा है
काठमांडू: भारत और नेपाल सीमा पर स्थित सुस्ता क्षेत्र का मुद्दा एक बार फिर गरमाने लगा है। नेपाल की बालेन शाह सरकार ने सुस्ता क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है, जिसके बाद भारतीय अधिकारियों ने सवाल उठाए हैं। सुस्ता बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में एक सीमावर्ती भारतीय गांव है, जिस पर नेपाल अपना दावा करता है। काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल के गृह मंत्रालय ने 3 जुलाई को नवलपरासी जिला प्रशासन को सुस्ता में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने का निर्देश दिया था।

गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (AFP) ने इलाके में तैनात जवानों की संख्या 25 से बढ़ाकर 40 कर दी है। इसके 3 दिन बाद 6 जुलाई को मेजर जनरल यम बहादुर अधिकारी के नेतृत्व में नेपाली सेना की एक टीम ने इलाके का दौरा किया। एक दिन पहले रविवार 12 जुलाई को AFP के अतिरिक्त महानिरीक्षक अंजनी पोखरेल भी यहां पहुंचे थे।

भारतीय जवानों ने रोका नेपाली परियोजना पर काम

सुस्ता में दोनों देशों के बीच तनाव की ताजा वजह एक तटबंध है, जिसका निर्माण नेपाल करा रहा है। छह सप्ताह पहले बॉर्डर की निगरानी करने वाले भारत के सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने इस परियोजना का निर्माण कार्य रोक दिया था।

नेपाली सैन्य अधिकारी के दौरे पर भारत सख्त

अब नेपाल की सेना और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के इलाके में आने को लेकर भारत ने सख्त आपत्ति जताई है। खास बात है कि नेपाली सेना के अधिकारी इस इलाके में वर्दी के बजाय सादे कपड़ों में पहुंचे थे। नई दिल्ली ने काठमांडू से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और अधिकारियों के दौरे पर सवाल पूछा है।
नेपाली विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी काठमांडू पोस्ट से बताया कि भारत ने विदेश मंत्रालय और नेपाली सेना से जनरल यम बहादुर अधिकारी के सुस्ता दौरे के मकसद के बारे में सवाल किए हैं। अधिकारी ने आगे कहा कि पूछे जाने पर नेपाली सेना ने बताया कि टीम ने मॉनसून और आपदा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए इलाके का दौरा किया था। भारत को भी यही जवाब दिया गया है।

नेपाली टीम को BSF ने था रोका

नेपाल के स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि सुस्ता में आई नेपाली सेना की टीम से भारत सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पूछताछ की थी। जिला सुरक्षा अधिकारी ने बताया, “भारतीय सुरक्षा बलों ने पूछा कि वे कौन हैं और उनका मकसद क्या है।” अधिकारी ने आगे कहा, “हमें भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि कोई सैन्य टीम दौरा कर रही है। हमें तब पता चला जब जवानों का BSF के साथ आमना-सामना होने के बाद हमें सूचित किया गया।”

विवेक सिंह

लेखक के बारे मेंविवेक सिंहविवेक सिंह नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में प्रिंसिपल डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। वे नवभारत टाइम्स के दुनिया (World) सेक्शन को कवर करते हैं। पत्रकारिता में उनका 12 वर्षों का अनुभव है, जिसमें उन्होंने डिजिटल, टीवी और वीडियो ऐप पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है। विवेक सिंह मार्च 2023 में नवभारत टाइम्स, डिजिटल से जुड़े। इस दौरान उन्होंने इजरायल-हमास युद्ध, इजरायल-ईरान और इजरायल-हिजबुल्ला संघर्ष, भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव, अफगान तालिबान-पाकिस्तान तनाव और बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ छात्र विद्रोह जैसे वैश्विक घटनाक्रम का व्यापक कवरेज किया है।

वैश्विक राजनीतिक या कूटनीतिक घटनाक्रम पर तेज और गहराई से खबरों को प्रस्तुत करना और उसके भारत पर असर के बारे में पाठकों को सूचना देना पहली प्राथमिकता रहती है।

विशेषज्ञता- दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के घटनाक्रम, मध्य पूर्व के मामलों के साथ ही वैश्विक तनाव और घटनाओं का भारत पर होने असर के बारे में विश्लेषण प्रस्तुत करना।

पत्रकारिता अनुभव- डिजिटल और टीवी में 12 साल का अनुभव
विवेक सिंह ने अमर उजाला डॉट कॉम के साथ साल 2013 में देहरादून से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद हैदराबाद में न्यूज 18 यूपी/उत्तराखंड के साथ जुड़कर टीवी न्यूज की आउटपुट डेस्क में काम किया। बेंगलुरु में रहकर डिजिटल स्टार्टअप आवाज न्यूज वीडियो एप की फाउंडिंग टीम का हिस्सा बने और उसे लीड किया। इसके बाद वन इंडिया हिंदी, एबीपी न्यूज के साथ काम किया।… और पढ़ें