IPL से बाहर होने पर छलके वैभव सूर्यवंशी के आंसू, सपोर्ट स्टाफ ने बढ़ाया ढांढस – ipl 2026 vaibhav sooryavanshi in tears after rr loss vs gt qualifier 2 tspoa


करोड़ों फैन्स के दिलों पर राज करने वाले वैभव सूर्यवंशी की टीम का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सफर खत्म हो गया. शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर में खेले गए क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को गुजरात टाइटन्स (GT) के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ टीम का फाइनल में पहुंचने का सपना भी खत्म हो गया. जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली, जहां अब उसका सामना 31 मई (रविवार) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा.

हार के बाद सबसे भावुक तस्वीर राजस्थान रॉयल्स के डगआउट से सामने आई. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बेहद मायूस होकर अकेले बैठे नजर आए. उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए, जबकि टीम का एक सपोर्ट स्टाफ सदस्य उन्हें सांत्वना देता दिखा. सोशल मीडिया पर यह तस्वीर तेजी से वायरल हो गई और फैन्स भी इस युवा बल्लेबाज का दर्द महसूस करते नजर आए.

हालांकि, इस हार के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का वर्तमान भी हैं. बड़े मुकाबले के दबाव में भी उन्होंने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की और गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला. यह युवा बल्लेबाज शतक से महज चार रन दूर रह गया, लेकिन उसकी विस्फोटक पारी ने स्टेडियम में मौजूद हर फैन को रोमांचित कर दिया.

पूरे आईपीएल 2026 सीजन में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगलता रहा. दुनिया भर के अनुभवी टी20 सितारों से भरे इस टूर्नामेंट में 15 साल के इस बल्लेबाज ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की, उसने सभी को हैरान कर दिया. वैभव ने अपने दूसरे आईपीएल सीजन में 48.76 की औसत से 776 रन ठोके और टूर्नामेंट के सबसे बड़े सुपरस्टार बनकर उभरे. लेकिन सिर्फ रन ही नहीं, उनका खेलने का अंदाज भी चर्चा का विषय बना रहा. उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जो टी20 क्रिकेट में किसी सपने जैसा आंकड़ा माना जाता है.

सबसे बड़ी बात यह रही कि वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में रिकॉर्डतोड़ 72 छक्के लगाए, जो आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, मौजूदा सीजन में अभिषेक 43 छक्कों के साथ दूसरे और रजत पाटीदार 41 छक्कों के साथ तीसरे स्थान हैं.

वैभव सूर्यवंशी ने इस यादगार सीजन में एक शतक लगाए और तीन 90+ स्कोर किए. भले ही राजस्थान रॉयल्स ट्रॉफी तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन इस युवा बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से पूरी दुनिया को बता दिया कि भारतीय क्रिकेट को आने वाले कई सालों के लिए एक नया सुपरस्टार मिल चुका है.

—- समाप्त —-




Leave a Comment