Iran US War Live: ईरान ने अमेरिका के MQ-9 ड्रोन गिराने का किया दावा, कुवैत सबसे ज्यादा बन रहा निशाना


Iran US War Live News: जॉर्डन में ईरानी हमले में 2 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है. इन मौतों के बाद अब तक ईरान जंग में मरने वाले अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या 16 हो गई है. इस हमले के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ लगातार आठवें दिन एक और सैन्य अभियान शुरू कर दिया. भारतीय समय के मुताबिक रविवार सुबह करीब 4:30 बजे अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति के निर्देश पर ईरान में नए हवाई हमले किए. अमेरिका का कहना है कि इन हमलों का मकसद ईरान की उस सैन्य क्षमता को कमजोर करना है, जिससे वह होर्मुज जलडमरूमध्य में अंतरराष्ट्रीय जहाजों को खतरा पहुंचा सकता है. अमेरिका ने साफ कहा है कि यह कार्रवाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की उन गतिविधियों के जवाब में की गई है, जिनमें जॉर्डन में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाया गया.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक शुक्रवार को जॉर्डन में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों के दौरान दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक सैनिक अब भी लापता है. चार अन्य सैनिकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था, जिन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई. कुछ अन्य घायल सैनिक इलाज के बाद दोबारा ड्यूटी पर लौट आए हैं. इन मौतों के बाद युद्ध शुरू होने से अब तक मारे गए अमेरिकी सैनिकों की संख्या 16 हो गई है, जबकि 430 से ज्यादा सैनिक घायल हो चुके हैं.

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसने जॉर्डन के अल अजराक स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया. ईरानी सरकारी टीवी ने दावा किया कि इस हमले में कम से कम दो अमेरिकी लड़ाकू विमान और तीन अन्य विमान नष्ट कर दिए गए. हालांकि जॉर्डन की सेना का कहना है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने ईरान की 10 मिसाइलें हवा में ही मार गिराईं और देश में किसी तरह का नुकसान या जनहानि नहीं हुई.

इसी बीच ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास और बंदर लेंगेह में धमाकों की आवाजें सुनी गईं. हॉर्मोजगन प्रांत के अधिकारियों ने धमाकों की पुष्टि तो की, लेकिन कहा कि उन्हें किसी मिसाइल हमले या अमेरिकी विमान की कार्रवाई की जानकारी नहीं है. वहीं सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने अधिकारियों के हवाले से कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही हमले की खबरों की पुष्टि नहीं हुई है और बंदर लेंगेह में किसी टक्कर या हमले की सूचना नहीं मिली.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान का दावा- अमेरिका ने परमाणु ऊर्जा संयत्र को बनाया निशाना

ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने दावा किया है कि अमेरिका ने खुज़ेस्तान प्रांत में निर्माणाधीन डारखोविन परमाणु ऊर्जा संयंत्र को निशाना बनाया है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक तड़के करीब 3 बजकर 39 मिनट पर कई प्रोजेक्टाइल इस स्थल पर गिरे. ईरान ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है. डारखोविन परमाणु ऊर्जा संयंत्र का निर्माण वर्ष 2022 में शुरू हुआ था. फिलहाल इस हमले में हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान-अमेरिका पर तेज हुए मिसाइल-ड्रोन हमले

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. इन हमलों के बाद बहरीन के कई इलाकों में चेतावनी देने वाले सायरन बजाए गए. बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत अपने नजदीकी सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं और भी बढ़ गई हैं.

US-Iran Conflict LIVE: दक्षिणी ईरान में अमेरिका के कई हवाई हमले

अमेरिका ने दक्षिणी ईरान में कई हवाई हमले किए हैं, जिनमें पुल, रेलवे लाइनें, सुरंगें, हवाई अड्डे और सड़कों को नुकसान पहुंचा है. इन हमलों के कारण आम लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है. कई अस्पतालों को एहतियातन खाली कराया गया है, जबकि स्कूलों की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं. ईरान का कहना है कि इन हमलों का मकसद देश के दक्षिणी हिस्से को बाकी इलाकों से अलग करना और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) की पकड़ को कमजोर करना है. हालांकि, अमेरिका की ओर से इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

US Saudi Nuclear Deal LIVE: सऊदी को यूरेनियम संवर्धन की इजाजत मिलेगी?

पश्चिम एशिया संकट LIVE: Trump प्रशासन ने सऊदी अरब के साथ एक ऐसे परमाणु सहयोग समझौते का मसौदा तैयार किया है, जिसके तहत सऊदी अरब को अपने असैन्य परमाणु कार्यक्रम के लिए यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) की अनुमति मिल सकती है. हालांकि, यह समझौता अभी पूरा होने के बावजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर का इंतजार कर रहा है और इसे अब तक अमेरिकी कांग्रेस को भी नहीं भेजा गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह प्रस्ताव इसलिए विवादों में है क्योंकि इसमें सऊदी अरब के लिए International Atomic Energy Agency (IAEA) के सबसे कड़े निरीक्षण तंत्र Additional Protocol को अपनाना अनिवार्य नहीं बनाया गया है. इसके बजाय अमेरिका और सऊदी अरब के बीच एक अलग सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भरोसा किया गया है.

US-Iran Conflict LIVE: खुजेस्तान में अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराया- IRGC का दावा

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: ईरान के Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने दावा किया है कि उसने खुजेस्तान प्रांत के अहवाज शहर में एक अमेरिकी MQ-9 सैन्य ड्रोन को इंटरसेप्ट कर मार गिराया. अहवाज इराक की सीमा से सटे ईरान के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित है. अमेरिकी वायुसेना के अनुसार, MQ-9 एक बड़ा रिमोट संचालित सैन्य मानवरहित विमान (ड्रोन) है, जिसे मुख्य रूप से खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी, टोही मिशन और सटीक हमलों के लिए इस्तेमाल किया जाता है. फिलहाल, अमेरिकी सेना की ओर से IRGC के इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इसलिए MQ-9 ड्रोन को मार गिराए जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

US-Iran Conflict LIVE: कुवैत पर हमलों के बाद एयर डिफेंस अलर्ट पर

पश्चिम एशिया संकट LIVE: अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, कुवैत में हालात लगातार बदल रहे हैं. कुवैती सेना ने लोगों से कहा है कि अगर तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दें तो घबराएं नहीं, क्योंकि ये दुश्मन के हमलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा की जा रही इंटरसेप्शन कार्रवाई का हिस्सा हैं. रिपोर्ट के अनुसार, सेना का यह बयान आम लोगों को भरोसा दिलाने की कोशिश है कि देश की बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय है और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के प्रयास जारी हैं. अब सभी की नजर आगे की घटनाओं पर टिकी हुई है.

US-Iran Conflict LIVE: ट्रंप ‘एस्केलेशन ट्रैप’ में फंसे, ईरान पर बढ़ते हमलों से लक्ष्य हासिल करना मुश्किल- विशेषज्ञ

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: Middle East Institute के वरिष्ठ फेलो रॉस हैरिसन का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक ऐसे ‘एस्केलेशन ट्रैप’ में फंस गए हैं, जहां वह ईरान पर लगातार सैन्य दबाव बढ़ा रहे हैं, लेकिन इससे अपने बड़े राजनीतिक लक्ष्य हासिल कर पाना मुश्किल दिखाई देता है. हैरिसन ने कहा कि ट्रंप पिछले कई दिनों से लगातार हमले कर ईरान को नुकसान पहुंचाने और जवाबी कार्रवाई का संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, उनका मानना है कि सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य केवल नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि किसी राजनीतिक परिणाम तक पहुंचना होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य ईरान को झुकने और इस युद्ध के दौरान बनाई गई अपनी रणनीतिक बढ़त छोड़ने के लिए मजबूर करना है, तो केवल सैन्य हमलों से यह संभव नहीं होगा.

US-Iran Conflict LIVE: खाड़ी देशों में पानी का बड़ा संकट पैदा कर सकते हैं डीसैलिनेशन प्लांट पर हमले

मध्य पूर्व संकट LIVE: कुवैत द्वारा दूसरी बार ईरान पर जल संयंत्र को निशाना बनाने का आरोप लगाने के बाद खाड़ी देशों में पानी की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है. शुष्क जलवायु और बेहद कम वर्षा वाले इस क्षेत्र में प्राकृतिक मीठे पानी के स्रोत सीमित हैं, इसलिए कई देश समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाले डीसैलिनेशन प्लांट पर भारी निर्भर हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में भूजल और डीसैलिनेशन से मिलने वाला पानी मिलकर कुल जल संसाधनों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा बनाते हैं. जलवायु परिवर्तन के कारण भूजल की गुणवत्ता प्रभावित होने के बाद खाड़ी देशों ने समुद्री पानी को शुद्ध करने वाले संयंत्रों पर निर्भरता और बढ़ा दी है. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से लेकर कुवैत तक अरब की खाड़ी के तट पर 400 से अधिक डीसैलिनेशन प्लांट मौजूद हैं. वहीं, GCC देशों के पास दुनिया की कुल जल शुद्धिकरण क्षमता का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है और ये वैश्विक स्तर पर उत्पादित कुल शुद्ध पानी का करीब 40 प्रतिशत तैयार करते हैं. इससे जुड़ी पूरी खबर यहां क्लिक करके पढ़ें.

US-Iran Conflict LIVE: गाजा सीमा के आसपास का इलाका ‘बंद सैन्य क्षेत्र’ घोषित

मध्य पूर्व संकट LIVE: इजरायली सेना ने गाजा पट्टी के आसपास के पूरे क्षेत्र को रविवार सुबह 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक के लिए ‘बंद सैन्य क्षेत्र’ घोषित कर दिया है. यह फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब दक्षिणपंथी Nahala सेटलर समूह ने गाजा सीमा की ओर बड़े मार्च का ऐलान किया है. The Times of Israel की रिपोर्ट के अनुसार, बंद सैन्य क्षेत्र में गाजा के उत्तर में याद मोर्देखाई से लेकर पूर्व में रूट 232 और दक्षिण में केरेम शालोम तक का पूरा इलाका शामिल है. रिपोर्ट में कहा गया है कि Nahala समूह गाजा के भीतर फिर से इजरायली बस्तियां बसाने का समर्थन करता है.

US-Iran Conflict LIVE: कुवैत का दावा- ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमले नाकाम

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: कुवैत की सेना ने दावा किया है कि देश पर ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को उसकी एयर डिफेंस प्रणाली इंटरसेप्ट कर रही है. सेना ने बयान जारी कर कहा कि लोगों को जो विस्फोटों की आवाजें सुनाई दे रही हैं, वे दुश्मन के हमलों को एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा रोकने की कार्रवाई का परिणाम हैं. कुवैती सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करें और आधिकारिक सलाह का ध्यान रखें. इससे पहले ईरानी सेना ने दावा किया था कि उसने कैंप अल-अदीरी स्थित गोला-बारूद डिपो और अली अल सलेम एयरबेस पर मौजूद एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है.

US-Iran Conflict LIVE: कुवैत में बढ़ी पानी और जरूरी सामान की मांग, लोगों में बढ़ी चिंता

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: कुवैत की ओर से शनिवार को दूसरी बार ईरान पर देश के एक बिजली और जल संयंत्र को निशाना बनाने का आरोप लगाने के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है. हालात को लेकर आम नागरिक जरूरी सामान का स्टॉक करने लगे हैं और संभावित आपूर्ति बाधित होने की आशंका जता रहे हैं. AFP से बातचीत में 61 वर्षीय हसन रयान ने कहा, ‘आज सुबह से पानी और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ गई है, क्योंकि लोगों को डर है कि सेवाएं या सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती हैं.’

US-Iran Conflict LIVE: भूकंप के बाद ईरान के खुजेस्तान में हाई अलर्ट

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: ईरान के खुजेस्तान प्रांत में रविवार सुबह 5 तीव्रता का भूकंप आने के बाद प्रांतीय प्रशासन ने आपात सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा है. खुज़ेस्तान के गवर्नर सैयद मोहम्मद रजा मौलाइजादेह ने कहा कि राहत और बचाव के साथ-साथ सभी परिचालन बलों की पूर्ण तैनाती के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, भूकंप की गहराई लगभग 12 किलोमीटर (7.5 मील) थी. गवर्नर ने बताया कि प्रभावित इलाकों में हालात का जायजा लेने के लिए आकलन टीमों को तुरंत रवाना किया गया है और मौके पर स्थिति का लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है.

US-Iran Conflict LIVE: इराकी कुर्द नेता ने ईरानी मिसाइल हमलों की निंदा की

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: इराक के कुर्द क्षेत्र में हाल के दिनों में हुए कई हमलों के बीच Patriotic Union of Kurdistan (PUK) के नेता बाफेल तलाबानी ने ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमलों की कड़ी निंदा की है. इससे पहले शुक्रवार को हुए हमलों में ईरानी कुर्द विपक्षी संगठन कोमाला (Komala) के नौ सदस्यों की मौत हुई थी. वहीं, ड्रोन हमलों के दौरान एरबिल स्थित अमेरिकी दूतावास को भी अपनी एयर डिफेंस प्रणाली सक्रिय करनी पड़ी थी. कुर्द समाचार संस्थान Rudaw के अनुसार, बाफेल तलाबानी ने शनिवार को कहा कि ये हमले जानबूझकर किए गए और अंतरराष्ट्रीय मानकों का गंभीर उल्लंघन हैं. उन्होंने कहा, हमारे देश की सुरक्षा और संप्रभुता का गंभीर और अस्वीकार्य उल्लंघन हुआ है. ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल ने हमारी धरती और हमारे बहादुर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान युद्ध में अब तक 16 अमेरिकी सैनिकों की मौत

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: जॉर्डन में हालिया हमलों के बाद ईरान के साथ जारी युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की कुल संख्या 16 हो गई है. अब तक 430 से अधिक अमेरिकी सैन्यकर्मी घायल हुए हैं, जबकि एक सैनिक अब भी लापता बताया जा रहा है. इस युद्ध में पहली मौतें 1 मार्च को हुई थीं, जब ईरानी ड्रोन ने कुवैत के एक नागरिक बंदरगाह पर हमला किया था. इस हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए थे. उसी दिन सऊदी अरब के Prince Sultan Air Base पर हुए एक अन्य ईरानी हमले में घायल हुए सातवें अमेरिकी सैनिक की एक सप्ताह से अधिक समय बाद मौत हो गई थी.

US-Iran Conflict LIVE: होर्मुज पर निर्भरता घटाने की तैयारी, इराक तुर्किये और सीरिया तक नई तेल पाइपलाइन पर कर रहा अध्ययन

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इराक ने तेल निर्यात के लिए होरमुज जलडमरूमध्य पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. इराक के तेल मंत्री बासिम मोहम्मद खुदैर ने कहा कि सरकार बसरा से किरकुक होते हुए तुर्किये के जेहान बंदरगाह और सीरिया के बनियास तक नई रणनीतिक तेल पाइपलाइन बनाने की संभावना का अध्ययन कर रही है. वॉशिंगटन में Iraqi News Agency (INA) से बातचीत में खुदैर ने कहा कि इराक के तेल मंत्रालय की स्पष्ट रणनीति है कि देश के तेल निर्यात के रास्तों में विविधता लाई जाए और केवल होरमुज जलडमरूमध्य पर निर्भर न रहा जाए.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान में रातभर हुए अमेरिकी हमले पहले से कम तीव्र

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में एक और रात सैन्य तनाव बढ़ा, लेकिन हालिया दिनों की तुलना में अमेरिकी हवाई हमले कम तीव्र रहे. इसके बावजूद देश के कई शहरों को निशाना बनाया गया और अलग-अलग इलाकों से विस्फोटों की खबरें सामने आईं. होरमोजगान प्रांत के गवर्नर कार्यालय ने पुष्टि की कि केश्म द्वीप पर हवाई हमले हुए.

US-Iran Conflict LIVE: अमेरिकी सेना का दावा- जॉर्डन में हमले करने वाले IRGC बलों को बनाया निशाना

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि ताजा सैन्य कार्रवाई के दौरान उसकी सेना ने ईरान की सैन्य तटीय निगरानी और एयर डिफेंस सुविधाओं, समुद्री क्षमताओं के ठिकानों तथा मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों पर सफलतापूर्वक हमला किया. CENTCOM ने अपने बयान में यह भी कहा कि अमेरिकी सैन्य संसाधनों ने Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) के उन बलों को भी निशाना बनाया, जिन पर 17 जुलाई को जॉर्डन में अमेरिकी सैनिकों पर हमला करने का आरोप है. जैसा कि पहले बताया गया है, जॉर्डन में हुए हमलों में कम से कम दो अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य अब भी लापता बताया जा रहा है.

US-Iran Conflict LIVE: अमेरिकी सेना का दावा- ईरान पर लगातार आठवीं रात भी हवाई हमले पूरे किए

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि उसने राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर ईरान के खिलाफ लगातार आठवीं रात भी सैन्य हमले पूरे कर लिए हैं. सेंट्रल कमांड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अभियान निर्धारित योजना के तहत जारी है और आठवीं लगातार रात भी कार्रवाई पूरी की गई. हालांकि, बयान में हमलों के दौरान किन ठिकानों को निशाना बनाया गया या उससे हुए नुकसान का कोई ब्योरा नहीं दिया गया.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान के खुज़ेस्तान प्रांत में 5.0 तीव्रता का भूकंप

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: ईरान के दक्षिण-पश्चिमी खुज़ेस्तान प्रांत के सलंद इलाके में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया है. ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB ने ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के हवाले से बताया कि भूकंप की गहराई करीब 12 किलोमीटर (7.5 मील) दर्ज की गई. भूकंप के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार, भूकंप के केंद्र के आसपास के गांवों में संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए दो राहत टीमों को भेजा गया है. फिलहाल, किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. राहत टीमें प्रभावित इलाकों का सर्वे कर रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

US-Iran Conflict LIVE: ईरान ने अमेरिका को दी चेतावनी

ईरान पर अमेरिका का हमला LIVE: ईरान के खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि देश के खिलाफ किसी भी तरह की ‘आक्रामकता या बर्बरता’ का ईरानी सशस्त्र बल ‘निर्णायक और विनाशकारी जवाब’ देंगे. ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, अब्दुल्लाही ने अपने बयान में अमेरिका को ‘ग्रेट सैटन’ और अपराधी, विश्वासघाती और धोखेबाज दुश्मन बताया. उन्होंने कहा कि ईरानी सेना, जनता और सरकारी संस्थाओं के बीच एकजुटता को और मजबूत किया जाएगा तथा अमेरिका पर पहले के युद्धों की तुलना में और भारी कीमत थोपी जाएगी.



Leave a Comment