Jabalpur:तरंग ऑडिटोरियम में ‘हमारे राम’ शो के दौरान लगी आग, बड़ा हादसा टला; सभी कलाकार और दर्शक सुरक्षित – Jabalpur: Fire Breaks Out During ‘humare Ram’ Show At Tarang Auditorium, Tragedy Averted; Cast-audience Safe


जबलपुर शहर के तरंग ऑडिटोरियम में रविवार को अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाट्य मंचन ‘हमारे राम’ के दौरान अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि ऑडिटोरियम प्रबंधन, कर्मचारियों और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी कलाकारों तथा दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


ग्रीन रूम के कंट्रोल पैनल में लगी आग

जानकारी के अनुसार शो के दौरान ऑडिटोरियम के ग्रीन रूम के कंट्रोल पैनल में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही पूरे ऑडिटोरियम की बिजली व्यवस्था ठप हो गई और परिसर में अंधेरा छा गया। उस समय आशुतोष राणा मंच पर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। बिजली गुल होते ही शो को तत्काल रोक दिया गया।

मोबाइल टॉर्च की रोशनी का लिया गया सहारा

स्थिति को देखते हुए ऑडिटोरियम प्रबंधन ने तत्काल दर्शकों और कलाकारों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में लोगों को बाहर निकाला गया। घटना के समय आशुतोष राणा समेत करीब 25 कलाकार ऑडिटोरियम में मौजूद थे।

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

सबसे पहले ऑडिटोरियम के कर्मचारियों ने सक्रियता दिखाते हुए आग को फैलने से रोका। परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग पर प्रारंभिक नियंत्रण पाया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया। प्रशासन के मुताबिक सभी कलाकार और दर्शक सुरक्षित हैं तथा घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


Leave a Comment