Jamui News: जमुई में आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले 15 दिवसीय खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। 100 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिसमें 50 बालक और 50 बालिका हैं। शिविर का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करना और खेल को नई पहचान देना है।

Jamui News: जमुई। कार्यालय संवाददाता आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार के सौजन्य से जमुई जिला आट्या-पाट्या एसोसिएशन के बैनर तले ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल , मलयपुर के मैदान पर गुरुवार को 15 दिवसीय आट्या-पाट्या खेल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। विद्यालय में खेल एवं शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। निदेशक डॉ.मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि शिविर के लिए आट्या-पाट्या एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक (कोच) आरुष कुमार आजाद और राष्ट्रीय खिलाड़ी आदित्य कुमार की नियुक्ति की गई है , जो बाजीगरों को नामित खेल की तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों का प्रशिक्षण देकर उन्हें दक्ष बनाएंगे।
15 दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में 100 प्रतिभागियों का चयन किया गया है , जिसमें 50 बालक एवं 50 बालिका शामिल हैं। डॉ.सिन्हा ने चयनित बाजीगरों को प्रतिभाशाली करार देते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी निष्ठा के साथ खेल का गूर सीख रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं प्रशिक्षक आरुष कुमार आजाद ने कहा कि 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य स्तरीय आट्या-पाट्या प्रतियोगिताओं में जमुई जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। शिविर का उद्देश्य जिले में आट्या-पाट्या खेल को नई पहचान दिलाना तथा प्रतिभाशाली बाजीगरों को उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह , सीईओ ऋतुराज सिन्हा , प्रशासक नीरज सिन्हा , खेल शिक्षक अनिल कुमार सिन्हा आदि ओहदेदार प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
