Jaunpur Sports Trials 2026 | State Employees Selection List


शुभ्रांत | गजना(जौनपुर ), जौनपुर47 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के सौजन्य से जौनपुर के जिला खेल कार्यालय द्वारा राज्य कर्मचारियों के कल्याण, खेल के विकास और शारीरिक संवर्धन के लिए विभिन्न खेलों के चयन/परीक्षण का आयोजन किया जा रहा है।

ये चयन/परीक्षण कुल 19 खेलों में होंगे। इनमें टेनिस, वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन, बेस्टफिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो और योगासन शामिल हैं।

जनपद स्तरीय चयन/ट्रायल्स का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्दीकपुर में 06 अगस्त, 2026 को सुबह 10:00 बजे से किया जाएगा। जनपदीय चयन में सफल खिलाड़ी 12-13 अगस्त, 2026 को वाराणसी में होने वाले मंडलीय चयन/ट्रायल्स में भाग लेंगे।

इन चयन/ट्रायल्स में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जो अपने कार्यालयाध्यक्ष या विभागाध्यक्ष से अनुमति पत्र लाएंगे। उन्हें नाम, आईडी नंबर, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, विभाग का नाम, सेवा में आने की तिथि, वर्तमान तैनाती तिथि, सेवा का प्रकार (नियमित/दैनिक भोगी) और विभाग का पूर्ण सरकारी या स्वायत्त संगठन होने का प्रारूप भरकर साथ लाना होगा।

राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल्स के उपरांत राज्य स्तरीय टीम का गठन किया जाएगा। यह चयनित टीम अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।

जिला, मंडल और राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल्स में भाग लेने वाले सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर माना जाएगा। इस हेतु यात्रा-भत्ता आदि का भुगतान उनके संबंधित विभाग द्वारा किया जाएगा।

भारत सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार, सिविल सर्विसेज में स्वायत्त निकायों जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत और पुलिस विभाग के कर्मचारी (शिक्षक/सहायक शिक्षक आदि) भाग नहीं लेंगे। सिविल सर्विसेज चयन/ट्रायल्स में केवल पूर्ण रूप से सरकारी कर्मचारी ही हिस्सा ले सकेंगे। यह जानकारी क्रीड़ा अधिकारी, जौनपुर अशोक सोनकर ने दी।



Leave a Comment