Jhalawar Fraud Case : युवाओं से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार


Jhalawar Fraud Case

पुलिस गिरफ्त में दो मुख्य आरोपी (Source : Jhalawar Police)

झालावाड़: कोतवाली पुलिस ने सरकारी नौकरी का सपना देख रहे बेरोजगार युवाओं को निशाना बना उनसे लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य गांव-गांव घूमकर युवाओं को सरकारी विभागों, अस्पतालों और स्कूलों में पक्की अथवा संविदा नौकरी लगवाने का झांसा देते थे.

वहीं, नौकरी के नाम पर प्रत्येक युवक से 30 हजार से 50 हजार रुपए तक एडवांस वसूले जाते थे. पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह अब तक करीब 100 से 150 युवकों से लाखों रुपए की ठगी कर चुका है. ठगी के सनसनी खेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों अब्दुल रऊफ और सद्दाम को गिरफ्तार किया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है.

मामले में जानकारी देते हो पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कोतवाली पुलिस को शिकायत मिली थी कि झालावाड़ और आसपास के क्षेत्रों में एक गिरोह सक्रिय है, जो सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे बेरोजगार युवाओं को अपना निशाना बना रहा है. जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी. बाद में आरोपियों के ठिकानों पर दूर-दराज से बेरोजगार युवाओं की लगातार आवाजाही मिली. जिसके बाद डिजिटल साक्ष्यों की जांच में शैक्षणिक दस्तावेज और कथित फर्जीवाड़े से जुड़े हुए सबूत सामने आए.

पढ़ें : गेमिंग और निवेश के नाम पर साइबर फ्रॉड: एक करोड़ से ज्यादा की ठगी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

मेरिट में चयन फिर भी झांसा देकर ली रकम : पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गिरोह का तरीका भी चौंकाने वाला था. जो युवक अपनी योग्यता और मेरिट के आधार पर चयनित हो जाते, उनसे भी नौकरी लगवाने के नाम पर बाकी रकम लेने का प्रयास किया जाता. वहीं, चयन नहीं होने की स्थिति में एडवांस रकम हड़प ली जाती थी. पूछताछ में गिरोह द्वारा करीब 100 से 150 अभ्यर्थियों से लाखों रुपए की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है.

एसपी ने की दलालों से बचने की अपील : पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से अपील की है कि वह सरकारी नौकरी या तबादले के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसा नहीं दें. सरकारी नौकरी निर्धारित पारदर्शी चयन प्रक्रिया और मेरिट के आधार पर ही मिलती है. पुलिस ने ठगी का शिकार हुए लोगों से शिकायत दर्ज कराने की अपील की है. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों की दबिश जारी है.



Leave a Comment