‘khel Mahakumbh’ Begins In Secondary Schools; Competitions To Be Held From Block To State Level. – Shamli News


शामली। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के माध्यमिक विद्यालयों में खेल महाकुंभ का आगाज कर दिया गया है। प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर से शुरू होकर ब्लॉक, जिला, मंडल और प्रदेश स्तर तक आयोजित की जाएंगी। विभाग ने सभी विद्यालयों के लिए कम से कम दो खेलों में छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

खेल महाकुंभ के तहत एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, तैराकी, डाइविंग सहित कुल 36 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं का सिलसिला जुलाई से शुरू होकर नवंबर तक चलेगा। विद्यालय स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगे की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक ऐेश्वर्या जायसवाल ने पिछले सप्ताह प्रधानाचार्यों की बैठक लेते हुए सभी विद्यालयों को आयु वर्ग के अनुसार खिलाड़ियों का पंजीकरण कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बालिका खिलाड़ियों के साथ महिला कोच या मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही खिलाड़ियों को आधार कार्ड अथवा पात्रता संबंधी प्रमाणपत्र साथ रखने होंगे ताकि सत्यापन में किसी प्रकार की समस्या न आए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें प्रदेश स्तर तक अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करना है।

महिला कोच और पात्रता प्रमाणपत्र होगा अनिवार्य

बालिका टीमों के साथ महिला कोच या मैनेजर की उपस्थिति अनिवार्य होगी। सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आयु प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। विद्यालयों में प्रतियोगिता से पहले सभी पात्रता प्रमाणपत्र तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी खिलाड़ी को तकनीकी कारणों से प्रतियोगिता से वंचित न होना पड़े।



Leave a Comment