MBA छात्रा की छत से गिरकर मौत, हादसा है या कुछ और वजह? – meerut iimt university mba student dies girls hostel roof fall probe lclar


मेरठ के थाना गंगानगर क्षेत्र स्थित IIMT यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. यूनिवर्सिटी के सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरकर MBA छात्रा की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्राओं में दहशत फैल गई. मृतक छात्रा की पहचान अनु गुप्ता के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी और यूनिवर्सिटी में एमबीए फाइनल ईयर की छात्रा थी. वह गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी.

घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है. छात्रा का शव हॉस्टल के नीचे बने जिम के बाहर पड़ा मिला. सबसे पहले हॉस्टल में काम करने वाली मेड ने उसे देखा और अन्य छात्राओं को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर थाना गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है या कुछ और.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस हॉस्टल और यूनिवर्सिटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही हॉस्टल की छात्राओं और स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है. पूरे मामले की जांच के लिए दो टीमों का गठन किया गया है. घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक का माहौल है. छात्राओं में भय और चिंता देखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

—- समाप्त —-


Leave a Comment