नई दिल्ली: सुनील नरेन और कप्तान जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी से लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने मेजर लीग क्रिकेट 2026 के फाइनल में वाशिंगटन फ्रीडम को 1 रन से हरा दिया. नाइट राइडर्स ने पारी की आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत हासिल की. फाइनल मुकाबले में नाइट राइडर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 164 रन का स्कोर खड़ा किया था, लेकिन इसके जवाब में वाशिंगटन की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन ही बना पाई. इस तरह नाइट राइडर्स की टीम ने रोमांचक फाइनल को जीत MLC 2026 का खिताब अपने नाम किया.
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स बनी MLC 2026 की चैंपियन
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वाशिंगटन की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 14 रन की जरूरत थी. नाइट राइडर्स के लिए शैडली वैन शल्कविक अंतिम ओवर करने आए. शल्कविक के ओवर की पहली ही गेंद पर ओबस पीनार ने छक्का उड़ाकर मैच को पूरी तरह से वाशिंगटन की तरफ धकेल दिया, लेकिन अगली ही गेंद पर शल्कविक वापसी करते हुए पीनार बोल्ड कर दिया. इसके बाद तीसरी गेंद पर फिर से शल्कविक ने इयान हॉलेंड को जेसन होल्डर के हाथों कैच आउट कर दिया.
2 गेंद में शल्कविक ने पलट दिया मैच
आखिरी ओवर के पहली गेंद पर जब पीनार ने शल्कविक को छक्का मारा तो लगा कि नाइट राइडर्स के हाथ से मैच फिसल गया है, लेकिन उसके बाद बैक टू बैक दो विकेट लेकर शल्कविक ने मैच को पलट दिया. अंतिम ओवर की अलगी तीन गेंद पर वाशिंगटन को 8 बनाने थे. शल्कविक की चौथी गेंद पर लॉकी फर्ग्यूसन ने चौका जड़कर एक बार फिर नाइट राइडर्स की सांसें अटका दी. अब वाशिंगटन को 2 गेंद में 4 रन की जरूरत थी.
ओवर की 5वीं गेंद पर फर्ग्यूसन ने 1 रन लेकर स्ट्राइक लाहिरू मिलंथा को दिया. ऐसे में अब वाशिंगट को 1 गेंद में जीत के लिए 3 और सुपर ओवर के लिए 2 रन चाहिए. शल्कविक की खिरी गेंद पर लाहिरू मिलंथा ने अपनी पूरी कोशिश की, लेकिन वह रन आउट हो गए. इस तरह वाशिंगटन की टीम 20 ओवर में 163 रन ही बना पाई और नाइट राइडर्स ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की.
नाइट राइडर्स की जीत के हीरो रहे सुनील नरेन
वाशिंगट के खिलाफ फाइनल में नाइट राइडर्स की जीत के हीरो सुनील नरेन रहे. सुनील नरेन ने अपनी घातक गेंदबाजी से शुरुआत में ही वाशिंगटन की टीम को झकझोड़ दिया. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. शुरुआती झटके के बाद वाशिंगटन की तरफ से एंड्रिस गौस (40) और पीनार (53) ने जरूर कुछ समय के लिए उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन मिडिल ओवरों में राइडर्स के कैप्टन जेसन होल्डर ने (4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट) महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले में खुद को बनाए रखा. वाशिंगटन के लिए निखिल चौधरी ने भी 25 रनों का योगदान दिया.
नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी रही साधारण
वहीं, नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी की बात करें तो वह कुछ खास नहीं रही. टीम के लिए बैटिंग में कॉलिन मुनरो (40) और आंद्रे फ्लेचर (47) ने जरूर अच्छी शुरुआत की, लेकिन मिडिल ऑर्डर में मैथ्यू थ्रंप के अलावा सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. गेंदबाजी में वाशिंगटन की तरफ से बेन ड्वारशुइस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा निखिल चौधरी और रचिन रविंद्र के खाते में भी दो-दो विकेट आया.