MP की पहली ट्रांसजेंडर सरकारी कर्मचारी की राजनीति में एंट्री, दतिया उपचुनाव की तैयारी; किन्नर समाज से की ये अपील


डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होगा और 3 अगस्त को वोटों की गिनती होगी। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने वाली पहली ट्रांसजेंडर महिला संजना भी इस बार चुनाव मैदान में हैं।

भोपाल में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह (संजना नंद गिरि) ने दतिया उपचुनाव के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया है। संजना का कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि किन्नर समाज को देश निर्माण की मुख्यधारा में लाना है।

किन्नर समाज से की चुनाव प्रचार की अपील

महामंडलेश्वर संजना सिंह ने दावा किया कि इस चुनाव में उनके प्रचार के लिए देशभर के किन्नर समुदाय के लोगों और अखाड़ों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

संजना सिंह का कहना है कि इस चुनाव का उद्देश्य किन्नर समाज के प्रति लोगों की सोच को बदलना है। संजना सिंह का मानना है, ‘न कोई परिवार है, न उत्तराधिकारी होगा, समाज के लिए काम करना है।’

संजना सिंह की चुनाव में एंट्री के साथ ही दतिया विधानसभा उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि किन्नर समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की नई पहल भी बनता दिख रहा है।

सरकारी नौकरी से इस्तीफा देकर बनीं महामंडलेश्वर

संजना सिंह पहले सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग में कार्य कर चुकी हैं। वे स्वच्छ भारत मिशन और राज्य निर्वाचन आयोग की स्टेट आइकॉन भी रहीं। करीब दो वर्ष पहले उन्होंने सरकारी सेवा से इस्तीफा देकर किन्नर अखाड़े का दामन थामा और महामंडलेश्वर की उपाधि प्राप्त की।



Leave a Comment