राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। MTS-Havaldar Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने मल्टी टास्किंग (नान-टेक्निकल) स्टाफ (एमटीए) एवं हवलदार (सीबीआइसी और सीबीएन) परीक्षा-2025 के कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीई) का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने हवलदार पद के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और शारीरिक मानक परीक्षा (पीएसटी) में शामिल होने के लिए कुल 8,071 अभ्यर्थियों को अस्थायी रूप से शार्टलिस्ट किया है।
अंतिम आवंटन का परिणाम प्रक्रिया पूरी होने घोषित होगा
एमटीएस और हवलदार दोनों पदों के अंतिम आवंटन का परिणाम पीईटी/पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक साथ घोषित किया जाएगा। आयोग के अनुसार एमटीएस एवं हवलदार भर्ती-2025 के लिए 36,19,834 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 8,04,633 अभ्यर्थी कंप्यूटर आधारित परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा चार से 20 फरवरी 2026 के बीच देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
हवलदार पद पर 1:7 अनुपात में अभ्यर्थी चयनित
MTS-Havaldar Result 2025 हवलदार पद के लिए रिक्तियों के अनुपात 1:7 के आधार पर अभ्यर्थियों को पीईटी/पीएसटी के लिए चुना गया है। श्रेणीवार देखें तो सामान्य वर्ग के 3,136, ओबीसी के 1,659, एससी के 882, ईडब्ल्यूएस के 840, एसटी के 609, पूर्व सैनिकों के 693, ओएच के 91, एचएच के 77 तथा अन्य दिव्यांग श्रेणी के 84 अभ्यर्थियों को शार्टलिस्ट किया गया है।
दो अभ्यर्थियों का परिणाम रोका
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने बताया कि दो अभ्यर्थियों का परिणाम संदिग्ध गतिविधियों के कारण रोक दिया गया है। वहीं परीक्षा के बाद की जांच में 727 अभ्यर्थी कदाचार में लिप्त पाए गए, इसलिए उनके परिणाम संसाधित नहीं किए गए। इसके अलावा विभिन्न कारणों से 169 अभ्यर्थियों को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा डिबार भी किया गया है।
पीईटी/पीएसटी में असफल तो चयन नहीं
MTS-Havaldar Result 2025 कर्मचारी चयन आयोग के अनुसार पीईटी/पीएसटी में असफल होने वाले अभ्यर्थियों पर हवलदार पद के लिए विचार नहीं किया जाएगा। हालांकि यदि वे एमटीएस पद के लिए चयनित होते हैं तो उनकी उम्मीदवारी वैध रहेगी।