नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल करीब 20 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, AYUSH और अन्य मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए क्वालिफाई हुए हैं। उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर देख सकते हैं।
पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर ऑल इंडिया टॉप किया। परीक्षा में 19 उम्मीदवारों ने 700 से ज्यादा, जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए।
इन टॉप स्कोरर्स में 93% से ज्यादा छात्र पहली बार NEET परीक्षा देने वाले थे और 99% टॉप रैंकर्स की उम्र 17 से 19 साल के बीच रही। इस साल छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। क्वालिफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में 58% से ज्यादा छात्राएं और 55.1% छात्र हैं।

राज्यों से प्रदर्शन
- देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से उम्मीदवार क्वालिफाई हुए हैं।
- उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा 1.7 लाख से अधिक उम्मीदवार सफल हुए।
- लद्दाख की जिग्मेट यांगचन लामो ने 530 अंक के साथ राज्य में टॉप किया।
- अंडमान-निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी ने 606 अंक हासिल किए।
- लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस ने 573 अंक के साथ राज्य में टॉप किया।
कितने छात्रों ने कितने अंक हासिल किए
- 700 से ज्यादा अंक: 19 उम्मीदवार
- 650 या उससे अधिक: 1,492 उम्मीदवार
- 600 या उससे अधिक: 10,160 उम्मीदवार
- 500 या उससे अधिक: 90,780 उम्मीदवार
NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा 13 भाषाओं में हुई, जिसमें देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ विदेशों के स्टूडेंट्स ने भी हिस्सा लिया। इस साल परीक्षा देश और विदेश के 551 शहरों में बने 5,440 परीक्षा केंद्रों पर कराई गई।

2027 से कंप्यूटर आधारित होगी NEET परीक्षा
पेपर लीक के बाद सरकार ने NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। 2027 से NEET-UG कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। फिलहाल परीक्षा ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में होती है।
नई व्यवस्था में स्टूडेंट्स कंप्यूटर पर सवाल हल करेंगे। हालांकि, सिलेबस, प्रश्नों की संख्या, विषय और मार्किंग स्कीम में कोई बदलाव नहीं होगा। उम्मीदवारों को ऑनलाइन परीक्षा के लिए पहले से मॉक टेस्ट और डेमो की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि वे नए सिस्टम के अनुसार तैयारी कर सकें।

सुधारों के लिए बनी थी समिति
जून 2024 में शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा सुधारों के लिए पूर्व ISRO अध्यक्ष के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति बनाई थी। समिति को परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए सुझाव देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

