NGT का बड़ा एक्शन: जयपुर के SMS समेत देश के 3 बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक


क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक

क्रिकेट स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर रोक (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

जयपुर : पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने बड़ा फैसला सुनाते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) क्रिकेट स्टेडियम सहित देश के तीन प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं. यह कार्रवाई स्टेडियमों के रखरखाव में भूजल के उपयोग, एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से उपचारित पानी के इस्तेमाल, वर्षा जल संचयन और अन्य पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने के बाद की गई है.

एनजीटी के आदेश के अनुसार, जयपुर के एसएमएस क्रिकेट स्टेडियम के अलावा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम भी इस कार्रवाई की जद में आए हैं. अधिकरण ने इन तीनों स्टेडियमों में अगले आदेश तक खेल गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं. मामले में केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) की ओर से बताया गया कि संबंधित स्टेडियमों को कई बार नोटिस जारी कर आवश्यक जानकारी, अनुपालन रिपोर्ट तथा पर्यावरणीय मानकों के पालन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था. इसके बावजूद संबंधित प्रबंधन की ओर से संतोषजनक जवाब या आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई.

एनजीटी का बड़ा फैसला

एनजीटी का बड़ा फैसला (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर NGT सख्त

पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी पर NGT सख्त (फोटो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढे़ं: जयपुर का SMS स्टेडियम: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर होता शहर, 4 साल से नहीं हुआ मैच

रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी : एनजीटी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि बड़े खेल परिसरों द्वारा भूजल के अंधाधुंध दोहन को रोकना, उपचारित जल का उपयोग सुनिश्चित करना और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाओं को लागू करना पर्यावरण संरक्षण के लिए अनिवार्य है. इन नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई आवश्यक है. अब संबंधित स्टेडियमों को निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए आवश्यक दस्तावेज और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी. इसके बाद ही एनजीटी की संतुष्टि के आधार पर खेल गतिविधियों पर लगी रोक हटाने पर विचार किया जाएगा.



Leave a Comment