एमडीसी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर समझौते के लिए बुलाई गई बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। वीरवार रात करीब 9 बजे सकेतड़ी रोड स्थित भाजपा कार्यालय के समीप पार्क में हुए विवाद के दौरान जूस विक्रेता कपिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
मृतक की पहचान एमडीसी सेक्टर-4 निवासी कपिल के रूप में हुई है। वह एमडीसी में जूस की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार कपिल की कुछ युवकों से पुरानी रंजिश थी।
इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष पार्क में पहुंचे थे, जहां करीब 20 से 25 युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कपिल पर चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल कपिल किसी तरह पार्क से बाहर सड़क तक पहुंचा, लेकिन वहीं गिर पड़ा।
संयोगवश मौके से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम ने उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमले में सकेतड़ी निवासी अभिषेक भी घायल हुआ, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही देर रात डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है।