ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमत में काफी तेजी आई थी। इससे देश की टॉप तीन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को पहली तिमाही में भारी चपत लग सकती है। सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी की थी। लेकिन इसके बावजूद तेल कंपनियों को 47,700 करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है।
हाइलाइट्स
- पश्चिम एशिया में संकट गहराने से कच्चे तेल की कीमत में फिर आई उछाल
- सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को लग सकती है 47,700 करोड़ की चपत
- पेट्रोल, डीजल और LPG की रिटेल बिक्री पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है
- पहली तिमाही में LPG अंडर-रिकवरी लगभग 25,000 करोड़ रुपये का अनुमान

जापानी ब्रोकरेज नोमुरा का अनुमान है कि एचपीसीएल को 13,900 करोड़ रुपये, बीपीसीएल को 15,800 करोड़ रुपये और आईओसीएल ₹17,300 करोड़ का एबिटा लॉस होगा। इसकी वजह यह है कि इन कंपनियों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की रिटेल बिक्री पर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि कंपनियों ने कीमतों में कुछ बढ़ोतरी की थी लेकिन वे कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों का पूरा बोझ ग्राहकों पर नहीं डाल पाईं।
Petrol Diesel Price: अमेरिका-ईरान संधि टूटते ही 7% से ज्यादा भागा क्रूड ऑयल, अपने यहां पेट्रोल-डीजल का भाव जानिए
एलपीजी सिलेंडर पर घाटा
घरेलू ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल का अनुमान है कि पहली तिमाही में तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को कुल मिलाकर लगभग ₹47,700 करोड़ का नुकसान हो सकता है। उसके मुताबिक एचपीसीएल को ₹17,300 करोड़, आईओसीएल को ₹17,200 करोड़ और बीपीसीएल को ₹13,200 करोड़ का नुकसान होने की आशंका है। मोतीलाल ओसवाल ने तीनों कंपनियों को कुल मिलाकर 36,400 करोड़ रुपये का का नुकसान होने का अनुमान जताया है।
नोमुरा का अनुमान है कि पहली तिमाही में एलपीजी से अंडर-रिकवरी 560 रुपये प्रति सिलेंडर होगी, जो पिछले साल की चौथी तिमाही में 77 रुपये प्रति सिलेंडर थी। जेएम फाइनेंशियल के मुताबिक पहली तिमाही में एलपीजी अंडर-रिकवरी लगभग 25,000 करोड़ रुपये पहुंच जाएगी जो पिछली तिमाही में 5,000 करोड़ रुपये थी। पेट्रोल और डीजल की कीमत में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनियों को अंडर-रिकवरी का सामना करना पड़ रहा है।
Petrol Diesel Price: ईरान पर फिर हमले से चढ़ने लगा क्रूड, भारत में पेट्रोल-डीजल का नया रेट जानिए
रोजाना कितना नुकसान
एनालिस्ट्स का अनुमान है कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को रोजाना 1,380 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्हें मार्केटिंग मार्जिन को बराबर करने के लिए ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 25 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जरूरत होगी। नोमुरा का मानना है कि तीन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों में से एचपीसीएल पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा क्योंकि उसका मार्केटिंग एक्सपोजर ज्यादा है।
