Players From The District Will Be Able To Practice At The State-of-the-art Sports Ground – Bhadohi News


भदोही। जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो नए खेल मैदानों का शुभारंभ किया गया है। भदोही स्पोर्ट्स एरिना और 360 टर्फ जैसी दो खेल मैदानों में खिलाड़ियों को आधुनिक तरीके से प्रशिक्षण दिए जाने के साथ-साथ अलग-अलग देशों के मिट्टी से बनी पिचों पर अभ्यास करने का भी मौका मिल सकगा। दोनों में फुटबॉल और क्रिकेट जैसे खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

जिले से निकले यशस्वी जायसवाल, शिवम दुबे और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ी आज अंर्तराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना परचम लहरा रहे हैं। जिसे देख तमाम युवा क्रिकेट में अपना भविष्य देख रहे हैं, लेकिन उनके सामने सबसे अधिक समस्या उच्च गुणवत्ता युक्त पिच और मैदान का न होना है। ऐसे में जिले में दो नए स्टेडियम का शुभारंभ होने से उन्हें बेहतर मौका मिलेगा। दोनों ही मैदानों में दिन और रात दोनों समय खेलने की व्यवस्था की गई है। संचालक फहद अहमद सिद्दीकी ने बताया कि भदोही स्पोर्ट्स एरिना चौरी रोड पर स्थित है। इसका क्षेत्रफल लगभग 6000 वर्ग फुट है। यहां खिलाड़ियों को फुटबॉल और क्रिकेट खेलने की सुविधा मिलेगी। यह मैदान विशेष रूप से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसी तरह 360 टर्फ औराई रोड हरिरामपुर में बनाया गया है।

यह मैदान भी लगभग 6000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां भी फुटबॉल और क्रिकेट सहित अन्य खेलों के लिए व्यवस्था की गई है। बताया कि बड़े शहरों की तर्ज पर भदोही में भी ऐसी सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कहा कि भदोही में कई खेल प्रतिभाएं उभर रही हैं। इन खिलाड़ियों को पर्याप्त अभ्यास के अवसर मिलें, इसके लिए इन मैदानों की स्थापना की गई है। अब खिलाड़ी अपनी सुविधानुसार कभी भी अभ्यास कर सकेंगे। यह पहल स्थानीय खेल संस्कृति को मजबूत करने में सहायक होगी।



Leave a Comment