POCSO में फंसे रोहित चंदेल, शूटिंग के बीच हुए गिरफ्तार, को-एक्टर को लगा ‘PR स्टंट है’, शॉक्ड फैंस – rohit chandel arrest kishori shahane reaction pocso case sairaab actor tmova


टीवी इंडस्ट्री उस वक्त हिल गई, जब ‘पांड्या स्टोर’ और ‘सैराब’ फेम एक्टर रोहित चंदेल को 16 साल की नाबालिग लड़की से कथित तौर पर पीछा करने, परेशान करने और मारपीट के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इस खबर ने फैंस के साथ-साथ उनके को-स्टार्स को भी हैरान कर दिया. सबसे चौंकाने वाला रिएक्शन उनकी ऑनस्क्रीन मां किशोरी शाहणे का सामने आया.

को-स्टार भी रह गईं दंग!

किशोरी शाहणे ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार रोहित की गिरफ्तारी की खबर पढ़ी, तो उन्हें लगा कि यह शो ‘सैराब’ के प्रमोशन के लिए किया गया कोई PR स्टंट है. दरअसल, शो में भी इन दिनों ऐसा ही ट्रैक चल रहा है, जिसमें रोहित के किरदार ईशान पर एक नाबालिग लड़की आरोप लगाती है.

किशोरी ने कहा- मैंने पहले सोचा कि यह शो के ट्रैक को प्रमोट करने का तरीका है. बाद में पता चला कि मामला सच है. फिलहाल मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकती.

उन्होंने यह भी बताया कि रोहित की गिरफ्तारी के बावजूद ‘सैराब’ की शूटिंग फिलहाल बिना किसी रुकावट के चल रही है. उनके मुताबिक, दो दिन पहले तक रोहित सेट पर शूटिंग कर रहे थे और अब मेकर्स हालात को संभाल रहे हैं.

16 साल की लड़की के आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 साल की लड़की ने आरोप लगाया है कि रोहित चंदेल उसकी मर्जी के खिलाफ लगातार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे. शिकायत में यह भी कहा गया है कि 5 जुलाई को एक्टर उसके घर के पास पहुंचे, उसका पीछा किया, बहस की, गालियां दीं और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट भी की.

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित और शिकायतकर्ता पहले से एक-दूसरे को जानते थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने POCSO Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया. शुक्रवार को रोहित को उनके घर से गिरफ्तार किया गया और बाद में विशेष POCSO कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

TV इंडस्ट्री में हड़कंप!

रोहित चंदेल टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा हैं. ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली. वहीं, किशोरी शाहणे पिछले चार दशकों से टीवी और फिल्मों का बड़ा नाम हैं.

अब इस पूरे मामले ने टीवी इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. हर किसी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जबकि सोशल मीडिया पर भी रोहित चंदेल का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है.

—- समाप्त —-



Leave a Comment