Ramgarh News: डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव 2026 का भव्य आगाज़, पहले दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुईयांड
Ramgarh News: वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुईयांडीह में गुरुवार को डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव–2026 का रंगारंग शुभारंभ उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन के चीफ सीईपी एवं विद्यालय की स्थानीय प्रबंधन समिति (एलएमसी) के अध्यक्ष राजेश कुमार ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश देते हुए प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह
इस अवसर पर टाटा स्टील के वरीय प्रबंधक (सीईपी) राकेश कुमार पांडे, हेड एडमिनिस्ट्रेशन एवं लैंड दीपक श्रीवास्तव, टाटा स्टील स्पोर्ट्स सेल के राजीव रंजन सिंह एवं उनकी टीम, राष्ट्रीय मजदूर यूनियन कोलियरी संघ के अध्यक्ष मोहन महतो, सचिव डॉ योगेंद्र कुमार सिंह, डीएवी पब्लिक स्कूल सिमडेगा के प्राचार्य सुजय मिश्रा, डीएवी सिल्ली की प्राचार्या बूबून शरण, डीएवी उरीमारी के प्राचार्य प्रशांत कुमार भुइया तथा मेजबान विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी सहित विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताएँ
इस क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव में डीएवी घाटोटांड, डीएवी कपिलदेव रांची, डीएवी उरीमारी, डीएवी सिल्ली, डीएवी सिमडेगा, डीएवी गुमला तथा मेजबान टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुईयांडीह के खिलाड़ियों ने ताइक्वोंडो, वुशु, कराटे, बॉक्सिंग, जूडो, क्रिकेट, वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पहले दिन वॉलीबॉल अंडर-17 बालक वर्ग में डीएवी सिल्ली ने स्वर्ण तथा डीएवी घाटोटांड ने रजत पदक हासिल किया। वहीं बास्केटबॉल अंडर-19 बालिका वर्ग में डीएवी कपिलदेव रांची ने स्वर्ण और डीएवी घाटोटांड ने रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। कराटे प्रतियोगिता में डीएवी कपिलदेव रांची और डीएवी सिल्ली के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। विभिन्न भार वर्गों में दोनों विद्यालयों के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं वुशु प्रतियोगिता में डीएवी सिल्ली और डीएवी सिमडेगा के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कई वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
खेल की भावना
विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, बॉक्सिंग, जूडो सहित अन्य प्रतियोगिताओं के मुकाबले शुक्रवार को भी आयोजित किए जाएंगे। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों का उत्साह और अनुशासित वातावरण आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतियोगिता के पहले दिन ही खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से खेल महोत्सव को यादगार बना दिया, जबकि आगामी मुकाबलों को लेकर प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
16 फोटो वेस्ट बोकारो 02-मशाल देकर डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव–2026 का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि राजेश कुमार
16 फोटो वेस्ट बोकारो 03-डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव–2026 के दौरान राजेश कुमार को सम्मानित करतीं प्राचार्या
FAQs
✦डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव कब शुरू हुआ?−
डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव 2026 का शुभारंभ गुरुवार को हुआ।
✦मुख्य अतिथि कौन थे?+
✦डीएवी सिल्ली ने पहले दिन किस खेल में स्वर्ण पदक जीता?+