Robert Kiyosaki Viral Post: फूट रहा सोना-चांदी का बुलबुला, फिर क्यों कियोसाकी बोले- ये अमीर बनाएगा! – Gold Silver Bubble Bursting but Robert Kiyosaki says Buy low and get rich post viral tutc


मशहूर किताब ‘रिच डैड पुअर डैड’ के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी सोशल मीडिया पर खासे एक्टिव रहते हैं और आए दिन निवेश से जुड़ी सलाह शेयर करते रहते हैं. उनके द्वारा बताए जाने वाले टिप्स में खासतौर पर सोना-चांदी में निवेश सबसे ऊपर रहता है. फिलहाल की बात करें, तो Gold-Silver Rates में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है, अंतरराष्ट्री कमोडिटी मार्केट में ही नहीं, बल्कि भारत में भी एमसीएक्स से लेकर घरेलू मार्केट तक में दोनों कीमती धातुएं फिसल रही हैं. 

लेकिन सोना-चांदी के फूटते बुलबुले के बीच भी Robert Kiyosaki इन कीमती धातुओं को लेकर पॉजिटिव बने हुए हैं और इन्हें अमीर बनने का जरिया बता रहे हैं. उन्होंने सोने की कीमत को नए टारगेट प्राइस देते हुए लिखा है कि, ‘सस्ते में खरीदो और अमीर बनो.’ 

सोना-चांदी का फूटता बुलबुला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (अब X) पर की गई रॉबर्ट कियोसाकी की नई पोस्ट से सोना-चांदी की कीमतों पर नजर डालते हैं. तो बता दें कि हफ्तेभर में दोनों कीमती धातुएं सस्ती हुई हैं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी की वायदा कीमत 6215 रुपये कम होकर 2,16,449 रुपये प्रति किलो पर आ गई और ये हाई से 2.03 लाख रुपये से प्रति किलोग्राम से ज्यादा सस्ती हो गई. तो घरेलू मार्केट में चांदी का भाव बीते पांच दिन में ही 4,916 रुपये कम होकर 2,15,474 रुपये प्रति किलो पर आ गया. 

सोने की वायदा कीमत का भी हाल ऐसा ही है और 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड रेट पांच दिन में 2472 रुपये की गिरावट लेकर 1,41,006 रुपये पर आ गया. सिर्फ जुलाई महीने में अब तक सोना 3424 रुपये कमजोर हुआ है और हाई लेवल से इस कीमती पीली धातु का भाव करीब 60 हजार रुपये तक कम हो चुका है. IBJA के मुताबिक, घरेलू मार्केट में सोना 2209 रुपये सस्ता होकर 1,41,159 रुपये प्रति 10 ग्राम का रह गया. 

कियोसाकी ने पोस्ट में क्या लिखा? 
रॉबर्ट कियोसाकी ने सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट के बीच बीते शुक्रवार को अपनी X पोस्ट में लिखा कि इनके दाम आसमान छूने वाले हैं, हालांकि, बीच-बीच में ये गिरेंगे भी. उन्होंने जिम रॉजर्स की बात पर सहमति जताते हुए कहा कि बीते दिनों सोना $5405 के हाई पर पहुंचने के बाद $4006 तक फिसला. चांदी भी $118 के हाई से $56 पर आई. अपनी लंबी-चौड़ी पोस्ट के अंत में Rich Dad Poor Dad के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने लिखा, कि आप कम दाम पर खरीदो और अमीर बनो.  

जून में कहा था- $35000 पर पहुंचेगा Gold 
ये पहली बार नहीं है जब रॉबर्ट कियोसाकी ने सोने को लेकर निवेश की सलाह दी है. इससे पहले जून महीने में उन्होंने अपनी एक पोस्ट में Gold Rate Fall के बावजूद इस कीमती पीली धातु को बड़ा टारगेट दिया था. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था कि मुझे लगता है सोने-चांदी की कीमतें लंबे समय तक बढ़ने वाली हैं. उन्होंने तमाम अनुमानों का जिक्र करते हुए कहा था कि जल्द सोना $35,000 तक पहुंच जाएगा. इससे पहले भी वे अपनी पुरानी पोस्ट में सोना-चांदी का अमीर बनने का जरिया बता चुके हैं. 

(नोट- सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में किसी भी निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)

—- समाप्त —-



Leave a Comment