Rs 2.10 Lakh Swindled On The Pretext Of Securing A Home Guard Job. – Faridabad News


दस्तावेज लेने के बाद खातों में रुपये कराए ट्रांसफर, नहीं मिली नौकरी

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 2.10 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से संपर्क कर पीड़ित को भरोसा दिया था कि दो लाख रुपये देने पर उसकी भाई की होमगार्ड की नौकरी लग जाएगी। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि चार-पांच दिन में चयन सूची जारी हो जाएगी, जिसमें उसके भाई का नाम होगा। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बल्लभगढ़ के चांदावली गांव निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून में उसके मोबाइल नंबर को टेलीग्राम के एचआर जॉब्स ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में नौकरी से संबंधित बातचीत चल रही थी। इसी दौरान कपिल नाम के व्यक्ति से संपर्क हुआ। आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा सरकार की विभिन्न पदों पर नौकरी लगवा सकता है।

जसवीर के अनुसार झांसे में आकर उसने आरोपी को भाई के आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, रिहायशी प्रमाण पत्र और शैक्षणिक दस्तावेज व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिए। इसके साथ ही आरोपी के बताए खातों में जसवीर ने दो लाख रुपये जमा किए। करीब 10 जुलाई तक इंतजार करने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही नियुक्ति पत्र मिला। इसके बाद आरोपी ने 10 हजार रुपये और मांगे, जो उसने 22 जुलाई को यूपीआई के माध्यम से भेज दिए। इसके बाद भी नौकरी नहीं मिली। इसके बाद जसवीर ने साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया साइबर ठगी का मामला पाए जाने पर साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में 27 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



Leave a Comment