शनिवार को यूक्रेनी ड्रोन हमलों में मॉस्को और तांबोव क्षेत्रों के ई-कॉमर्स गोदामों को निशाना बनाया गया, जहां आठ लोगों की मौत हुई। इसके बाद रूस की ओर से यूक्रेनी राजधानी में तबाही मचाई गई है।

रविवार तड़के तक करीब पांच घंटे चले भीषण हवाई हमलों ने शहर के कई हिस्सों में तबाही के निशान छोड़े हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तबाही की तस्वीरें साझा करते हुए जेलेंस्की ने कहा है कि रूस ने हमारी राजधानी कीव पर अलग-अलग तरह की करीब 40 मिसाइलें दागीं और 120 ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 16 घायल हैं।
रूस ने कौन सी मिसाइलें दागीं
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने कीव पर 40 इस्कंदर-एम और हाइपरसोनिक जिरकॉन मिसाइलें दागी हैं। इन हमलों की शुरुआत शनिवार-रविवार रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब हवाई हमले का सायरन बजा। इसके तुरंत बाद वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं। इसके बाद लगातार धमाकों और विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
राजधानी के ऐतिहासिक केंद्र स्थित कई घर तेज धमाकों से हिल गए और सड़कों पर खड़ी कारों के अलार्म बजने लगे। अधिकारियों के अनुसार, एक घंटे से भी कम समय में दर्जनों मिसाइलें शहर पर गिरीं। रविवार सुबह 6:30 बजे दोबारा हवाई हमले का सायरन बजा और शहर के विभिन्न हिस्सों में फिर से विस्फोट दर्ज किए गए।
तीन मंजिला इमारत पर हमला
हमले में मध्य कीव के शेवचेंकिव्स्की जिले की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। बचाव दल ने मलबे में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। इसके अलावा शहर के चार अन्य इलाकों में भी कार्यालयों, रिहायशी इमारतों और एक छात्रावास में आग लगी है। कई और छोटी इमारतों को भी नुकसान हुआ है।
रूस ने बीते हफ्तों में कीव पर कई बड़े हमले किए हैं। ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब यूक्रेन पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलों की कमी का सामना कर रहा है। ये मिसाइलें रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने का सबसे असरदार हथियार हैं, जो यूक्रेन को अमेरिका से मिली हैं। यूक्रेन जल्दी ही अमेरिका से और पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलें मिलने की उम्मीद कर रहा है।
