आज लगभग हर घर में Smart TV है. सुबह न्यूज देखने से लेकर रात को OTT पर फिल्म देखने तक, टीवी का इस्तेमाल पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है. लेकिन एक सवाल ऐसा है जो काफी लोगों के मन में आता है. क्या Smart TV देखने के बाद सिर्फ रिमोट से बंद कर देना चाहिए या फिर दीवार पर लगे स्विच से भी बिजली पूरी तरह बंद कर देनी चाहिए?
कई लोगों को लगता है कि स्विच ऑफ करने से टीवी खराब हो सकता है, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि सिर्फ रिमोट से बंद करना बिजली की बर्बादी है. आखिर सही तरीका क्या है? आइए समझते हैं.
रिमोट से या स्विच से बंद करें टीवी?
जब आप रिमोट का पावर बटन दबाते हैं, तो Smart TV पूरी तरह बंद नहीं होता. वह स्टैंडबाइ मोड में चला जाता है. इस दौरान स्क्रीन बंद रहती है, लेकिन टीवी के अंदर कुछ हिस्सों में हल्की बिजली जाती रहती है.
यह भी पढ़ें: AC को बंद करने का बेस्ट तरीका, स्विच या रिमोट कौन है बेहतर
इसी वजह से टीवी कुछ सेकंड में दोबारा चालू हो जाता है. कई Smart TV इसी दौरान सॉफ्टवेयर अपडेट डाउनलोड करते हैं, बैकग्राउंड में कुछ जरूरी काम करते हैं और रिमोट के सिग्नल का इंतजार करते रहते हैं.
अगर आप टीवी को दीवार के स्विच से पूरी तरह बंद कर देते हैं, तो बिजली की सप्लाई पूरी तरह रुक जाती है. ऐसे में स्टैंडबाइ मोड में होने वाली बिजली की खपत भी खत्म हो जाती है.
बिजली की बचत कितनी होती है?
आमतौर पर Smart TV स्टैंडबाइ में बहुत कम बिजली खर्च करते हैं, लेकिन अगर पूरे साल का हिसाब लगाया जाए तो थोड़ी-बहुत बिजली की बचत जरूर हो सकती है.
इसका मतलब यह नहीं है कि हर बार टीवी देखते ही तुरंत स्विच बंद कर देना जरूरी है. अगर आप दिन में कई बार टीवी ऑन और ऑफ करते हैं, तो सिर्फ रिमोट से बंद करना ज्यादा आसान और सही तरीका है. इससे टीवी नॉर्मल तरीके से अपना काम पूरा करके स्टैंडबाय में जाता है. बार-बार मेन बिजली काटने की जरूरत नहीं होती.
यह भी पढ़ें: रिमोट के पीछे क्यों होता है ये छेद? जानिए सच!
वहीं अगर आप घर से बाहर जा रहे हैं, रातभर टीवी इस्तेमाल नहीं होना है या कई दिनों तक टीवी बंद रहेगा, तो स्विच ऑफ करना बेहतर माना जाता है. इससे न सिर्फ थोड़ी बिजली बचती है, बल्कि बिजली के उतार-चढ़ाव या अचानक आने वाले हाई वोल्टेज से भी कुछ हद तक सुरक्षा मिल सकती है.
अगर आपके इलाके में बिजली बार-बार जाती है या वोल्टेज में उतार-चढ़ाव रहता है, तो टीवी को सर्ज प्रोटेक्टर के साथ इस्तेमाल करना और भी बेहतर रहेगा.
अपडेट के दौरान कैसे भी बंद ना करें
कुछ लोगों को डर रहता है कि स्विच से बंद करने पर टीवी खराब हो जाएगा. सामान्य स्थिति में ऐसा नहीं होता. अगर टीवी पहले रिमोट से बंद किया गया है और उसके बाद स्विच ऑफ किया जाता है, तो इससे कोई दिक्कत नहीं होती.
लेकिन अगर टीवी चल रहा हो और उसी समय सीधे दीवार का स्विच बंद कर दिया जाए, खासकर जब सॉफ्टवेयर अपडेट चल रहा हो या सिस्टम कोई जरूरी काम कर रहा हो, तो कुछ मामलों में परेशानी आ सकती है. इसलिए पहले रिमोट से टीवी बंद करें और कुछ सेकंड बाद जरूरत हो तो स्विच ऑफ करें.
अगर आपके टीवी में क्विक स्टार्ट, इंस्टैंट ऑन या फास्ट बूट जैसे फीचर हैं, तो वे स्टैंडबाइ मोड में थोड़ी ज्यादा बिजली इस्तेमाल कर सकते हैं ताकि टीवी जल्दी चालू हो सके. अगर आपको इन फीचर्स की जरूरत नहीं है, तो इन्हें सेटिंग्स में जाकर बंद किया जा सकता है. इससे बिजली की खपत थोड़ी और कम हो सकती है.
—- समाप्त —-