फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से है. दोनों टीमों के बीच यह खिताबी मुकाबला न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में है. अर्जेंटीना की टीम डिफेंडिंग चैम्पियन है और वो चौथी बार खिताब बचाने उतरी है. दूसरी ओर स्पेन ने सिर्फ एक बार 2010 में खिताबी जीत हासिल की थी.
खिताबी मुकाबले तक पहुंचने का दोनों टीमों का सफर आसान नहीं रहा. स्पेन ने फ्रांस और पुर्तगाल जैसी मजबूत टीमों को हराया, जबकि अर्जेंटीना ने लगातार तीन नॉकआउट मुकाबलों में अतिरिक्त समय तक चले रोमांचक मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई. फाइनल मैच से जुड़े अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहिए…
स्पेन की स्टार्टिंग XI: उनाई सिमोन, पेड्रो पोरो, पाउ कुबार्सी, आयमेरिक लापोर्टे, मार्क कुकुरेला, रोड्री, फैबियन रुइज, एलेक्स बेना, दानी ओल्मो, लैमिन यामाल, मिकेल ओयार्जाबल.
अर्जेंटीना की स्टार्टिंग XI: एमिलियानो मार्टिनेज (गोलकीपर), गोंजालो मोंटिएल, क्रिस्टियन रोमेरो, लिसांड्रो मार्टिनेज, निकोलस टैग्लियाफिको, रोड्रिगो डी पॉल, लिएंड्रो पारेडेस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज, लियोनेल मेसी (कप्तान) और जूलियन अल्वारेज.
स्पेन ने ग्रुप H में शानदार प्रदर्शन करते हुए सात अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. उसने सऊदी अरब और उरुग्वे को हराया, जबकि केप वर्डे के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा. स्पेन ने राउंड ऑफ-32 में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद राउंड ऑफ-16 में पुर्तगाल के खिलाफ आखिरी मिनटों में गोल दागकर जीत दर्ज की. क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से मात दी. इसके बाद सेमीफाइनल में उसने प्रबल दावेदार फ्रांस को 2-0 से हराकर सभी को चौंका दिया और फाइनल का टिकट कटाया.
डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना ने ग्रुप J में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया. राउंड ऑफ-32 में केप वर्डे ने अर्जेंटीना को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज की. राउंड ऑफ-16 में मिस्र के खिलाफ टीम दो गोल से पिछड़ गई थी, लेकिन शानदार वापसी करते हुए 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया.
हालांकि इस मैच में रेफरिंग को लेकर विवाद भी हुआ. क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ मुकाबला भी 120 मिनट तक चला, जहां अर्जेंटीना ने 3-1 से जीत दर्ज की. इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी पलों में वापसी करते हुए 2-1 से जीत हासिल कर लगातार दूसरे वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाई.
फाइनल से पहले स्पेन और अर्जेंटीना के बीच कुल 14 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए थे. इस दौरान दोनों टीमों ने 6-6 मैचों में जीत हासिल की थी. जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे. वहीं फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें इससे पहले सिर्फ एक बार भिड़ी थीं. 1966 के वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था. अब 60 साल बाद दोनों टीमों की वर्ल्ड कप में भिड़ंत हुई है.
अर्जेंटीना vs स्पेन (हेड टू हेड)
कुल मुकाबले: 14
अर्जेंटीना ने जीते: 6
स्पेन ने जीते: 6
ड्रॉ: 2
—- समाप्त —-