कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल परीक्षा-2025 के लिए 51 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को अगले चरण की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। एसएससी ने यह निर्णय ओबीसी (दिल्ली एनसीटी) श्रेणी से संबंधित अभ्यावेदनों की जांच के बाद लिया है। चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता व मापन परीक्षण (पीई एंड एमटी), दस्तावेज सत्यापन और ट्रेड टेस्ट में शामिल होना पड़ेगा।
एसएससी ने पांच जून को परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। परिणाम के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने आवेदन सामान्य व ईडब्ल्यूएस श्रेणी में किया था जबकि उनके पास ओबीसी (दिल्ली एनसीटी) का वैध प्रमाणपत्र उपलब्ध है। इस आधार पर ओबीसी श्रेणी के तहत विचार किए जाने की मांग की थी।
एसएससी ने सभी अभ्यावेदनों की जांच कर संबंधित अभ्यर्थियों की पात्रता का पुनर्मूल्यांकन किया। जांच के बाद 51 अतिरिक्त अभ्यर्थियों को योग्य पाया गया। इनमें 28 पुरुष और 23 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग ने इन अभ्यर्थियों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।