कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कुल 341 असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) पदों पर विभागीय पदोन्नति (भर्ती) के लिए 16 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती के लिए अगस्त 2026 में दिल्ली-एनसीआर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नई दिल्ली : कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और कैडरों में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर/असिस्टेंट ग्रेड के पदों पर पदोन्नति के लिए विभागीय भर्ती परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक और योग्य सरकारी कर्मचारी जो इस परीक्षा के जरिए उच्च पद पर जाना चाहते हैं, वे आयोग की नई आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है।
ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने के बाद उसकी प्रिंटेड कॉपी जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित विभाग के माध्यम से 23 जुलाई 2026 तक एसएससी के उत्तरी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंच जानी चाहिए। विदेशों या दूरदराज के क्षेत्रों जैसे अंडमान निकोबार के लिए यह तिथि 30 जुलाई 2026 है।
SSC ASO Recruitment 2026: पदों और विभागों का विवरण
यह भर्ती परीक्षा ग्रुप ‘B’ नॉन-राजपत्रित पदों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसका पे-लेवल 7 (44,900 से 1,42,400 रुपये) निर्धारित है। विज्ञापित संभावित रिक्तियां इस प्रकार हैं-
- सेंट्रल सेक्रेटेरिएट सर्विस (CSS), DoPT – 318 पद (सामान्य- 189, एससी- 71, एसटी- 58, दिव्यांग- 19)
- विदेश मंत्रालय (MEA – कैडर सेल) – 23 पद (सभी सामान्य वर्ग)
- कुल पद – 341 रिक्तियां
SSC ASO Recruitment 2026: कौन कर सकता है आवेदन?
चूंकि यह एक लिमिटेड डिपार्टमेंटल परीक्षा (विभागीय भर्ती) है, इसलिए इसमें केवल वही कर्मचारी भाग ले सकते हैं, जो पहले से सेवा में हैं।
- अनुभव – सेंट्रल सेक्रेटेरिएट क्लेरिकल सर्विस के अपर डिवीजन ग्रेड (UDC/SSA) में कम से कम 6 वर्ष की नियमित और स्वीकृत सेवा पूरी करने वाले कर्मी इस परीक्षा के लिए पात्र हैं।
- क्रूशियल डेट – सेवा की गणना के लिए निर्णायक तिथि 1 जुलाई 2025 तय की गई है। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय के कर्मचारियों के लिए मंत्रालय द्वारा निर्धारित अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करना आवश्यक है।
SSC ASO 2026: परीक्षा का पैटर्न
एसएससी एएसओ भर्ती की चयन प्रक्रिया दो मुख्य चरणों पर आधारित होगी-
भाग-1 – कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBE) – 300 अंक – इसमें 150-150 अंकों के दो ऑब्जेक्टिव (MCQ) पेपर होंगे, जिसके लिए 3-3 घंटे का समय मिलेगा।
- पेपर- I – इसमें जनरल अवेयरनेस (सरकारी योजनाओं पर फोकस), संविधान की जानकारी, संसदीय प्रक्रियाएं, आरटीआई एक्ट और नोटिंग व ड्राफ्टिंग आदि से जुड़े प्रश्न होंगे।
- पेपर- II – इसमें सर्विस रूल्स (लीव रूल्स, पेंशन, कंडक्ट रूल्स), फाइनेंशियल रूल्स (TA, LTC) और रिकॉर्ड्स मैनेजमेंट आदि शामिल होंगे। नेगेटिव मार्किंग – प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 (25%) अंक काटे जाएंगे।
भाग-2 – सर्विस रिकॉर्ड का मूल्यांकन (APAR) – 100 अंक – लिखित परीक्षा में शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों के सर्विस रिकॉर्ड (APAR) का मूल्यांकन किया जाएगा। अंतिम मेरिट लिस्ट दोनों भागों के अंकों (कुल 400 अंक) को मिलाकर तैयार की जाएगी।
Also read UPSSSC Admit Card 2026: यूपीएसएसएससी एडमिट कार्ड भेषजिक, पीसीबी और बीसीजी तकनीशियन मुख्य परीक्षा के लिए जारी
आवेदन करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
- नया OTR अनिवार्य – एसएससी की पुरानी वेबसाइट पर किया गया वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) इस भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा। उम्मीदवारों को नई वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर नया OTR जेनरेट करना होगा।
- लाइव फोटो कैप्चर – इस बार आवेदन करते समय उम्मीदवारों को पहले से खिंची हुई फोटो अपलोड नहीं करनी है, बल्कि फॉर्म भरते समय कंप्यूटर या मोबाइल के कैमरे से ‘लाइव फोटो’ कैप्चर की जाएगी। फोटो खींचते समय चश्मा, टोपी या मास्क न पहनें।
- परीक्षा केंद्र – यह परीक्षा केवल दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) क्षेत्र में ही आयोजित की जाएगी। विदेश में तैनात भारतीय मिशनों के कर्मचारियों को भी अपने खर्च पर परीक्षा देने भारत आना होगा।