SSC CGL Exam 2026 : सीजीएल के 12,256 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, एसएससी ने जारी की अधिसूचना


राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। SSC CGL Exam 2026 कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल)-2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, संवैधानिक निकायों, वैधानिक संस्थाओं और ट्रिब्यूनल में ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

ऑनलाइन आवेदन शुरू है 

आयोग ने 12,256 संभावित रिक्तियां घोषित की हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। 22 जून की रात 11 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। आनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 जून रात 11 बजे है। आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 29 जून से एक जुलाई तक संसोधन विंडो खुली रहेगी।

कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती होगी

इसके माध्यम से असिस्टेंट आडिट आफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स आफिसर, असिस्टेंट सेक्शन आफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर, जूनियर स्टैटिस्टिकल आफिसर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती होगी। परीक्षा दो चरणों में कंप्यूटर आधारित होगी। टियर-1 परीक्षा अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित है, जबकि टियर-2 परीक्षा दिसंबर में कराई जाएगी।

क्या है अर्हता?

SSC CGL Exam 2026 कई पालियों में परीक्षा होने की स्थिति में अंकों का नार्मलाइजेशन किया जाएगा। शैक्षिक योग्यता के रूप में अधिकांश पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य है। जूनियर स्टैटिस्टिकल आफिसर के लिए 12वीं में गणित में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या स्नातक स्तर पर सांख्यिकी विषय होना जरूरी है।

खबरें और भी

आवेदन शुल्क 100 रुपये

आयु सीमा पदों के अनुसार 18 से 27 वर्ष, 18 से 30 वर्ष, 20 से 30 वर्ष और 18 से 32 वर्ष तक निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क 100 रुपये है। महिला अभ्यर्थियों, एससी, एसटी, दिव्यांग और पात्र पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान भीम यूपीआई, नेट बैंकिंग या डेबिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा।

ऐसे करें आवेदन 

SSC CGL Exam 2026 आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल एसएससी की नई वेबसाइट ssc.gov.in या mySSC मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जा सकेंगे। पुराने पोर्टल पर बना ओटीआर मान्य नहीं होगा, इसलिए अभ्यर्थियों को नई वेबसाइट पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा।

यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया हैंडल से विभाग के कार्यों की गवाही देगा बेसिक शिक्षा विभाग, छवि सुधार व जानकारी देने की पहल

यह भी पढ़ें- काले हिरण के बाद अब इंडियन स्किमर को संरक्षण देगी संगम नगरी, विलुप्त होने के कगार पर है यह पक्षी



Leave a Comment