SSC CGL 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की सबसे लोकप्रिय और बड़ी भर्तियों में शामिल कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (SSC CGL) 2026 परीक्षा को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. इस साल केंद्र सरकार की विभिन्न नौकरियों के लिए होने वाली इस भर्ती में करीब 31 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. आयोग की ओर से आरटीआई के तहत दी गई जानकारी के मुताबिक 30,94,823 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन किया है. इस भर्ती के जरिए केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में 12,256 ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. अकेले बिहार से सात लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. अब अभ्यर्थियों की नजर अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित टियर-1 परीक्षा पर टिकी हुई है.
इन पदों पर होगी भर्ती
SSC CGL 2026 भर्ती के माध्यम से केंद्र सरकार के कई प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO), इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर, ऑडिटर, सीबीआई में सब इंस्पेक्टर, जूनियर अकाउंटेंट, सीनियर क्लर्क समेत कई अन्य ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ पद शामिल हैं. यही वजह है कि हर साल लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं.
25 जून तक चले थे आवेदन
आयोग ने इस भर्ती के लिए 25 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए थे. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. आयोग के कार्यक्रम के अनुसार टियर-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT)का आयोजन अगस्त-सितंबर 2026 में किया जाएगा. इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को दिसंबर 2026 में होने वाली टियर-2 परीक्षा में शामिल होना होगा.
हर साल लाखों उम्मीदवार करते हैं आवेदन
SSC CGL भर्ती लगातार युवाओं के बीच सबसे पसंदीदा सरकारी भर्ती बनी हुई है. पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े इसकी लोकप्रियता को साफ दिखाते हैं.2022 में 36,016 पदों के लिए 34.80 लाख आवेदन मिले थे.2023 में 8,440 पदों के लिए 24.74 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया.2024 में 17,727 पदों पर भर्ती के लिए 36.73 लाख आवेदन आए.2025 में 14,582 पदों के लिए 28.15 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया.अब 2026 में 12,256 पदों के लिए 30.94 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. इससे साफ है कि सरकारी नौकरी की प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है.
इस बार परीक्षा में सबसे बड़ा बदलाव
SSC CGL 2026 परीक्षा में इस बार सबसे बड़ा बदलाव सेक्शनल टाइमिंग के रूप में किया गया है. पहले उम्मीदवार पूरे एक घंटे के दौरान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विषय पर ज्यादा या कम समय दे सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.अब परीक्षा के दौरान प्रत्येक सेक्शन के लिए अलग-अलग समय निर्धारित रहेगा. निर्धारित समय पूरा होते ही कंप्यूटर सिस्टम अपने आप अगले सेक्शन पर पहुंच जाएगा यानी किसी भी उम्मीदवार को किसी एक विषय पर अतिरिक्त समय देने का मौका नहीं मिलेगा.
टियर-1 परीक्षा का नया पैटर्न समझिए
पहले चरण की परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित होगी. इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रत्येक प्रश्न 2 अंक का होगा. परीक्षा में जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड (गणित) और इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे.अब प्रत्येक सेक्शन को हल करने के लिए केवल 15 मिनट मिलेंगे यानी उम्मीदवारों को 15 मिनट के भीतर उसी विषय के सभी 25 प्रश्न हल करने होंगे.इसके अलावा प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी.
टियर-2 परीक्षा में भी बदला नियम
दूसरे चरण की परीक्षा में भी अब विषयवार समय सीमा लागू रहेगी.सेक्शन-1 में गणित और रीजनिंग के लिए 30-30 मिनट का समय मिलेगा.सेक्शन-2 में अंग्रेजी भाषा के 45 प्रश्नों को हल करने के लिए 40 मिनट और जनरल अवेयरनेस के 25 प्रश्नों के लिए 20 मिनट निर्धारित किए गए हैं.सेक्शन-3 में कंप्यूटर नॉलेज के 20 प्रश्नों को हल करने के लिए 15 मिनट का समय मिलेगा. पहले उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विषय पर ज्यादा समय दे सकते थे लेकिन अब हर सेक्शन का समय तय रहेगा.
चयन प्रक्रिया कैसे पूरी होगी?
SSC CGL भर्ती दो चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले अभ्यर्थियों को टियर-1 परीक्षा देनी होगी. इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को टियर-2 परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा.टियर-2 परीक्षा के बाद आयोग उम्मीदवारों से ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न विभागों और पदों के लिए उनकी पोस्ट प्रेफरेंस मांगेगा. उम्मीदवार जिस क्रम में अपनी प्राथमिकता दर्ज करेंगे वही अंतिम मानी जाएगी और बाद में उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा.
अंतिम मेरिट कैसे बनेगी?
अंतिम चयन केवल टियर-2 परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन और उनके द्वारा भरी गई पोस्ट प्रेफरेंस के आधार पर किया जाएगा.सामान्य पदों के लिए मेरिट पेपर-I (सेक्शन-I और सेक्शन-II) तथा पेपर-III के अंकों के आधार पर तैयार होगी हालांकि उम्मीदवारों को कंप्यूटर नॉलेज टेस्ट और डेटा एंट्री स्पीड टेस्ट भी अनिवार्य रूप से पास करना होगा.जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (JSO)और स्टैटिस्टिकल इंस्टीट्यूट के पदों के लिए मेरिट पेपर-I और पेपर-II(सांख्यिकी)के आधार पर बनेगी.वहीं असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO)और असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के पदों के लिए मेरिट पेपर-I और पेपर-III (जनरल स्टडीज-फाइनेंस एंड कॉमर्स)में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी.
दस्तावेज सत्यापन के बाद मिलेगी नियुक्ति
जब अंतिम मेरिट सूची जारी होगी और उम्मीदवारों का चयन हो जाएगा तब संबंधित विभाग या मंत्रालय उनके दस्तावेजों का सत्यापन (Document Verification)करेगा. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इसलिए चयनित उम्मीदवारों को सभी जरूरी प्रमाणपत्र और दस्तावेज पहले से तैयार रखने की सलाह दी जाती है.