SSC CGL Vacancy : एसएससी की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) 2026 एग्जाम के लिए इस साल देशभर से तकरीबन 31 लाख बेरोजगारों ने दावेदारी है। बिहार से सात लाख से ज्यादा ने आवेदन किया है।
SSC CGL Vacancy : कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) 2026 एग्जाम के लिए इस साल देशभर से तकरीबन 31 लाख बेरोजगारों ने दावेदारी है। बिहार से सात लाख से ज्यादा ने आवेदन किया है। एसएससी की ओर से आरटीआई में दी गई जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ के पदों के लिए 3094823 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, एक्साइज इंस्पेक्टर, ऑडिटर, सब इंस्पेक्टर सीबीआई, जूनियर एकाउंटेंट आदि 12,256 पदों पर पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने 25 जून तक आवेदन मांगे थे। पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा अगस्त-सितंबर में प्रस्तावित है तो वहीं दूसरे चरण की परीक्षा दिसंबर में संभावित है। पिछले साल से तुलना करें तो इस भर्ती में आवेदकों की संख्या में वृद्धि हुई है।
सीजीएल में कब कितनी वैकेंसी, कितनों ने किया आवेदन
2022 में 36016 पदों पर भर्ती – 34.80 लाख ने किया आवेदन
2023 में 8440 पदों पर भर्ती – 24.74 लाख ने किया आवेदन
2024 में 17727 पदों पर भर्ती – 36.73 लाख ने किया आवेदन
2025 में 14582 पदों पर भर्ती – 28.15 लाख ने किया आवेदन
2026 में 12256 पदों पर भर्ती – 30.94 लाख ने किया आवेदन
एसएससी सीजीएल भर्ती में सेक्शनल टाइमिंग लागू
पहली बार सेक्शनल टाइमिंग लागू किया है। अब अभ्यर्थियों को एक घंटे की परीक्षा में प्रत्येक 15 मिनट में 25 सवालों के जवाब देने होंगे। पहले चरण में एक घंटे की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में चार सेक्शन सामान्य बुद्धि और तर्कशक्ति (जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग), सामान्य जागरूकता (जनरल अवेयरनेस), मात्रात्मक रुझान (क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड) और अंग्रेजी बोध (इंग्लिश कंप्रिहेंसन) से कुल 100 सवाल पूछे जाते हैं। इनमें चारों सेक्शन के 25 सवाल होते हैं और प्रत्येक के लिए दो अंक निर्धारित होते हैं।
पहले खंडवार समयसीमा नहीं होने से अभ्यर्थी किसी खंड के प्रश्न हल करने में अधिक समय दे सकते थे और किसी में कम समय। अब इस बदलाव से चारों खंड में पूछे गए 25-25 सवालों का जवाब 15-15 मिनट में ही देना होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण स्क्रीन पर अपनेआप 15 मिनट बाद दूसरे खंड के प्रश्न दिखाई पड़ने लगेंगे। इससे हर खंड में अभ्यर्थी की पकड़ का मूल्यांकन भी हो सकेगा।
दूसरे चरण में भी तय की समय सीमा
दूसरे चरण की परीक्षा में भी विषयवार समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। पहले खंड ए में गणितीय क्षमता (मैथमेटिकल एबिलिटीज), तार्किक क्षमता एवं सामान्य बुद्धिमत्ता (रीजनिंग एंड जनरल इंटेलिजेंस) के लिए कुल एक घंटे का समय मिलता था अब दोनों विषयों के लिए 30-30 मिनट निर्धारित कर दिए गए हैं। दोनों विषयों के 30-30 प्रश्नों को हल करने के लिए 30 मिनट का समय मिलेगा। खंड ब में अंग्रेजी भाषा एवं बोधगम्यता (इंग्लिश लैंग्वेज एंड कंप्रिहेंसन) के 45 प्रश्नों के लिए 40 मिनट और सामान्य जागरूकता/सामान्य ज्ञान (जनरल अवेयरनेस) के 25 सवालों के लिए 20 मिनट निर्धारित किए गए हैं। पहले समय की ऐसी कोई बाध्यता नहीं थी।
एसएससी सीजीएल सेक्शनल टाइमिंग के नियम इस प्रकार हैं:
प्री परीक्षा के लिए: मैथ्स , इंग्लिश , रीजनिंग, और जीके के 25-25 प्रश्न हल करने के लिए उम्मीदवारों को प्रत्येक सेक्शन के लिए केवल 15-15 मिनट का समय मिलेगा। कुल पेपर एक घंटे का होगा। प्रत्येग गलत उत्तर के लिए आधा अंक कटेगा।
मेंस परीक्षा के लिए:
पेपर – 1 में सेक्शन 1- मैथ्स और रीजनिंग में प्रत्येक विषय के 30-30 प्रश्न हल करने के लिए 30-30 मिनट का समय दिया जाएगा।
सेक्शन 2 में इंग्लिश : 45 प्रश्न हल करने के लिए 40 मिनट का समय मिलेगा।
जनरल अवेयरनेस के 25 प्रश्न हल करने के लिए 20 मिनट का समय निर्धारित किया गया है।
सेक्शन 3 में कंप्यूटर नॉलेज के प्रश्न आएंगे जिसके 20 प्रश्नों के लिए 15 मिनट मिलेंगे।
परीक्षा तिथियां
टियर-I (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) का संभावित कार्यक्रम: अगस्त-सितंबर, 2026
टियर-II (कंप्यूटर आधारित परीक्षा) का संभावित कार्यक्रम: दिसंबर, 2026
चरण और चयन प्रक्रिया
1. टियर-1 परीक्षा (शॉर्टलिस्टिंग): सबसे पहले उम्मीदवारों को टियर-1 (कंप्यूटर आधारित) परीक्षा देनी होगी। टियर-1 में प्राप्त अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को श्रेणीवार टियर-2 परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
2. टियर-2 परीक्षा: टियर-1 में सफल होने वाले सभी उम्मीदवारों को टियर-2 परीक्षा के सभी अनिवार्य सेक्शन में बैठना होगा।
पदों की प्राथमिकता
अंतिम परिणाम (First Round of Tentative Allocation – FRTA) की घोषणा से पहले, आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से उम्मीदवारों से विभिन्न पदों और विभागों के लिए उनकी प्राथमिकता दर्ज करवाई जाएगी। उम्मीदवार द्वारा दी गई प्राथमिकता को अंतिम माना जाएगा और इसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा।
फाइनल मेरिट कैसे बनेगी
अंतिम मेरिट सूची : अंतिम चयन और मेरिट सूची केवल टियर-2 परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन और उनके द्वारा दी गई पदों की प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जाएगी।
अलग-अलग पदों के लिए मेरिट का निर्धारण इस प्रकार होगा:
सामान्य पदों के लिए: टियर-2 के पेपर-I (सेक्शन-I और सेक्शन-II) में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी। हालांकि, इसके लिए उम्मीदवारों को कंप्यूटर नॉलेज टेस्ट (सेक्शन-III) और डेटा एंट्री स्पीड टेस्ट (सेक्शन-IV) को अनिवार्य रूप से क्वालीफाई करना होगा।
जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (JSO) और स्टैटिस्टिकल इन्वेस्टिगेटर: टियर-2 के पेपर-I (सेक्शन-I व II) और पेपर-II (सांख्यिकी) में प्राप्त कुल अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी।
असिस्टेंट ऑडिट/अकाउंट्स ऑफिसर (AAO): टियर-2 के पेपर-I (सेक्शन-I व II) और पेपर-III (सामान्य अध्ययन – वित्त और अर्थशास्त्र) में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी।
दस्तावेज सत्यापन : अंतिम रूप से चयनित होने के बाद, उम्मीदवारों का दस्तावेज़ सत्यापन (DV) उस विभाग या मंत्रालय द्वारा किया जाएगा जहां उन्हें आवंटित किया गया है