राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने वर्ष 2026 के लिए संयुक्त हिंदी अनुवादक परीक्षा की अधिसूचना जारी की है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में हिंदी अनुवाद से जुड़े ग्रुप ‘बी’ (नॉन-गजेटेड) पदों पर भर्ती की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू हो गई है और 14 मई तक चलेगी। अभ्यर्थी 15 मई तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 19 से 20 मई तक का समय निर्धारित किया गया है।
आयोग ने कंप्यूटर आधारित प्रारंभिक परीक्षा (पेपर-1) अगस्त से सितंबर के बीच आयोजित करने की संभावना जताई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर, जूनियर ट्रांसलेशन आफिसर, सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर और सीनियर ट्रांसलेशन ऑफिसर जैसे पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
कुल रिक्तियों की संख्या 84 है, जिसे बाद में अपडेट किया जा सकता है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की आयु एक अगस्त 2026 को 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट प्रदान की जाएगी।
परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों वाला कंप्यूटर आधारित पेपर होगा, जबकि दूसरे चरण में अनुवाद और निबंध आधारित वर्णनात्मक परीक्षा ली जाएगी।
अंतिम चयन दोनों पेपर के अंकों के आधार पर किया जाएगा। आयोग ने महिला अभ्यर्थियों को विशेष रूप से आवेदन के लिए प्रोत्साहित किया है और सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आरक्षण नीति लागू रहने की बात कही है।