प्रयागराज9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल) भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। इसमें 1,731 रिक्त पदों के लिए इतने ही अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
चयनित अभ्यर्थियों में अनारक्षित वर्ग के 780, ओबीसी वर्ग के 432, एससी वर्ग के 270, ईडब्ल्यूएस वर्ग के 127 और एसटी वर्ग के 122 अभ्यर्थी शामिल हैं।
आयोग ने बताया कि 6 मार्च 2026 को घोषित पेपर-I के परिणाम में 15,607 अभ्यर्थियों को पेपर-II के लिए सफल घोषित किया गया था। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को आयोजित पेपर-II परीक्षा में 14,062 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
इस बार आयोग ने खाली पदों को भरने और मेधावी छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए ‘स्लाइडिंग मैकेनिज्म’ की शुरुआत की है। यह प्रक्रिया सफल अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
अभ्यर्थियों को स्लाइडिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (https://ssc.gov.in) पर जाकर 12 जुलाई की शाम 5 बजे से 14 जुलाई की शाम 5 बजे तक अपनी पसंद का वेन्यू, तारीख और स्लॉट चुनना होगा।
इसके बाद 20 और 21 जुलाई 2026 को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में पहचान सत्यापन किया जाएगा। जो अभ्यर्थी इस पहचान सत्यापन और स्लाइडिंग प्रक्रिया में उपस्थित नहीं होंगे, उनकी उम्मीदवारी अंतिम परिणाम में रद्द कर दी जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO), केंद्रीय जल आयोग (CWC), सीपीडब्ल्यूडी (CPWD) और मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (MES) जैसे प्रमुख विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।
