कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) सुरक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए भर्ती परीक्षाओं में जुलाई से नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत फेस रिकॉग्निशन (चेहरे की पहचान) से कक्ष निरीक्षकों पहचान की जाएगी। 90 फीसदी से कम चेहरा मिला तो अनुपस्थित माने जाएंगे और मानदेय भी नहीं मिलेगा। आयोग के मुताबिक यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत देशभर से हर वर्ष करीब दो करोड़ अभ्यर्थी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन करते हैं। नई व्यवस्था से उनका विश्वास और बढ़ेगा।
एसएससी की प्रमुख परीक्षाओं में देशभर में करीब 10 हजार कक्ष निरीक्षक तैनात होते हैं। नई प्रणाली लागू होने के बाद आयोग के पास यह पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा कि किस दिन, किस परीक्षा केंद्र पर और किस समय कौन कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर था। शिकायत, अनियमितता पर जिम्मेदारी तय कर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।