Sumit Antil:पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने फिर रचा इतिहास, जैवलिन में बनाया नया विश्व रिकॉर्ड – Paralympic Champion Sumit Antil Sets New Javelin World Record Know Details


भारतीय पैरा एथलेटिक्स के स्टार खिलाड़ी सुमित अंतिल ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। दो बार के पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने बुधवार को आयोजित इंडियन ओपन अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ64 स्पर्धा में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। हरियाणा के सोनीपत निवासी 27 वर्षीय सुमित ने भाले को 74.82 मीटर दूर फेंककर अपना ही पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उनका विश्व रिकॉर्ड 73.29 मीटर था, जिसे उन्होंने 2022 एशियन पैरा गेम्स में बनाया था।

लगातार शानदार प्रदर्शन


  • सुमित अंतिल पिछले कुछ वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। 

  • 2020 समर पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीता।

  • 2024 समर पैरालंपिक में भी स्वर्ण पदर अपने नाम किया।

  • 2023, 2024 और 2025 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिताब जीता।

  • 2022 एशियन पैरा गेम्स में भी स्वर्ण पदक हासिल किया।

80 मीटर का लक्ष्य

विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद सुमित का अगला लक्ष्य 80 मीटर की दूरी पार करना है। उनका मौजूदा प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि वे आने वाले समय में और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

एफ64 श्रेणी क्या है?

एफ64 श्रेणी उन पैरा एथलीटों के लिए होती है जिनके निचले अंगों में समस्या होती है। इस वर्ग में वे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जो कृत्रिम पैर के सहारे प्रतिस्पर्धा करते हैं या जिनके पैरों की लंबाई में अंतर होता है।

हादसे के बाद बदली जिंदगी

साल 2015 में एक मोटरसाइकिल दुर्घटना में सुमित अंतिल ने घुटने के नीचे अपना बायां पैर गंवा दिया था। हालांकि, कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मेहनत के दम पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पैरा जैवलिन थ्रो खिलाड़ियों में जगह बनाई।


Leave a Comment