Up:प्रदेश में आज से खत्म होगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, सोमवार को कई जिलों में हुई आंधी-बारिश; अब चढ़ेगा पारा – Up The Effects Of The Western Disturbance Will End Today, With Several Districts Experiencing Thunderstorms An


प्रदेश में सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला चला। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। सोमवार को सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी और झांसी में 1.2 मिमी बारिश हुई। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ फर्रुखाबाद प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा।


मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ने लगा है। इसके चलते मंगलवार से आंधी-बारिश का दायरा सिमटने की संभावना है। विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है। मौसम विभाग के अनुसार अब आने वाले दिनों में पारा चढ़ना शुरू होगा। दो से तीन दिन के अंदर यह छह डिग्री तक चढ़ सकता है। इसके पहले सरकार ने भी गर्मी बढ़ने की चेतावनी जारी की थी। 

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव लगातार कमजोर हो रहा है। इसके चलते अगले चार दिनों में प्रदेश के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है और धीरे-धीरे गर्मी का असर फिर बढ़ने लगेगा।


Leave a Comment