Up:मंत्री आवास घेरने पहुंचे अभ्यर्थी, पुलिस टांग ले गई, 6800 सीटों पर नियुक्ति की मांग, राजधानी में प्रदर्शन – Up: Candidates Arrived To Lay Siege To A Minister’s Residence But Were Forcibly Removed By Police; They Were P


69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पहुंच गए और घेराव का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। करीब 30 मिनट तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर बसों के जरिए इको गार्डन भेज दिया।

प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा, जबकि अपने छोटे बच्चे के साथ प्रदर्शन में पहुंची एक महिला अभ्यर्थी के बच्चे को पुलिसकर्मियों ने गोद में लेकर सुरक्षित रखा। अभ्यर्थी “योगी बाबा न्याय करो” के नारे लगाते हुए नियुक्ति की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे प्रदेश के विभिन्न जिलों से लखनऊ पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में 8,270 सीटों का उल्लेख किया है, जिनमें 4,946 ऐसे अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं, जो पहले ही तीन बार भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं।

6,800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग

अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांग पिछड़ा वर्ग के 6,800 अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की है, लेकिन सरकार की वर्तमान प्रक्रिया के तहत केवल करीब 3,300 अभ्यर्थियों को ही नियुक्ति मिलने की संभावना है। उन्होंने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को हटाकर हिरासत में लिया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Leave a Comment