Up:मायावती बोलीं- छात्रों के आंदोलन को सत्ता-विपक्ष की राजनीति से बचाएं, युवाओं के रोजगार पर सरकारों को घेरा – Up: Mayawati Says Student Protests Should Be Shielded From Ruling-versus-opposition Politics; Corners Governme


बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता और विपक्ष किसी न किसी मुद्दे की आड़ में जनता का ध्यान ज्वलंत समस्याओं से भटका रहे हैं। छात्रों और जेन-जी के आंदोलनों को राजनीतिक दलों की राजनीति का हिस्सा नहीं बनने देना चाहिए।

मायावती ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हाईजैक कर लिया। अब झारखंड की राजधानी रांची में चल रहे छात्रों और युवाओं के आंदोलन के समर्थन में भाजपा और उसके सहयोगी दल सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों जगह युवाओं की समस्याओं के समाधान के बजाय चुनावी स्वार्थ की राजनीति अधिक दिखाई दे रही है।

राजनीतिक दलों का सावधानी से इस्तेमाल करें

उन्होंने देशभर के छात्रों और जेन-जी से अपील की कि वे सत्ता और विपक्ष के कथित षड्यंत्र से दूर रहें और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राजनीतिक दलों का सावधानी से इस्तेमाल करें।

विभागों में नए पद सृजित किए गए

बसपा प्रमुख ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि उनकी सरकारों में छात्रों और युवाओं की समस्याओं का विशेष ध्यान रखा गया। सरकारी भर्तियों पर लगी रोक हटाकर लाखों लोगों को रोजगार के अवसर दिए गए और पुलिस समेत अन्य विभागों में नए पद सृजित किए गए। मायावती ने निजी क्षेत्र में भी दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में सर्वसमाज बसपा को मजबूत करे।



Leave a Comment