US Iran: अमेरिका के हवाई हमले के बाद भड़का ईरान, गालिबाफ बोले- एकतरफा समझौतों का दौर खत्म हो चुका – us iran war ghalibaf warns us says era of one sided deal is over amid latest standoff


अमेरिका और ईरान ने रविवार सुबह एक दूसरे के सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। इस बीच ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि अमेरिका ने वादा नहीं निभाया तो उसे कीमत चुकानी पड़ेगी।

Iran US War
ईरान की अमेरिका को चेतावनी
तेहरान: ईरान और अमेरिका के बीच हवाई हमले बढ़ गए हैं। टकराव की रफ्तार में इजाफा पूरी दुनिया के लिए चिंता की वजह बना हुआ है। इस बीच ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने स्पष्ट किया कि अब एकतरफा समझौतों का दौर खत्म हो चुका है। अपने कड़क और तीखे तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले गालिबाफ ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, “हमने पहले ही कहा था- वादा निभाओ, नहीं तो कीमत चुकाओ। अब हकीकत सामने है।”

उन्होंने अपनी पोस्ट के साथ अमेरिका-ईरान समझौता मसौदे के अनुच्छेद-5 की तस्वीर भी साझा की। यह अनुच्छेद होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने से जुड़ा है। इसी को लेकर विवाद बढ़ा और उसने फिर से सैन्य टकराव का रुख अख्तियार कर लिया है।

ईरान की अमेरिका को चेतावनी

इस बीच, ईरानी सेना ने अमेरिका से जून में हुए समझौते (एमओयू) का पालन करने को कहा है। ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमीनिया के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका की दखलअंदाजी और वैकल्पिक समुद्री रास्ता बनाने की कोशिश से क्षेत्र में असुरक्षा बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि ईरानी सेना होर्मुज स्ट्रेट में देश के अधिकारों की पूरी मजबूती से रक्षा करेगी।

होर्मुज पर ईरान और ओमान में चर्चा

ईरान ने ये भी कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही से जुड़े भविष्य के फैसले केवल ईरान और ओमान की आपसी सलाह से होने चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने बताया कि शनिवार को मस्कट में दोनों देशों के कानूनी और तकनीकी प्रतिनिधिमंडलों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत हुई। बैठक में “होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा, जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और दोनों देशों के संप्रभु अधिकारों पर चर्चा हुई।”

अमेरिका और ईरान के एक-दूसरे पर हमले

अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने भी गल्फ क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। रविवार को बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे से धुआं उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बेस के ऊपर धुएं का गुबार नजर आ रहा है। IRGC ने दावा किया कि उसने जॉर्डन में एक अमेरिकी कमांड कंट्रोल यूनिट और ड्रोन हैंग को तबाह कर दिया।

इससे पहले ईरान ने सुबह दावा किया था कि उसने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। बहरीन में भी मिसाइल अलर्ट जारी किया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया था। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने रविवार सुबह बताया कि उसने ईरान के 140 सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं।

विवेक सिंह

लेखक के बारे मेंविवेक सिंहविवेक सिंह नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में प्रिंसिपल डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। वे नवभारत टाइम्स के दुनिया (World) सेक्शन को कवर करते हैं। पत्रकारिता में उनका 12 वर्षों का अनुभव है, जिसमें उन्होंने डिजिटल, टीवी और वीडियो ऐप पर विभिन्न भूमिकाओं में काम किया है। विवेक सिंह मार्च 2023 में नवभारत टाइम्स, डिजिटल से जुड़े। इस दौरान उन्होंने इजरायल-हमास युद्ध, इजरायल-ईरान और इजरायल-हिजबुल्ला संघर्ष, भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव, अफगान तालिबान-पाकिस्तान तनाव और बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ छात्र विद्रोह जैसे वैश्विक घटनाक्रम का व्यापक कवरेज किया है।

वैश्विक राजनीतिक या कूटनीतिक घटनाक्रम पर तेज और गहराई से खबरों को प्रस्तुत करना और उसके भारत पर असर के बारे में पाठकों को सूचना देना पहली प्राथमिकता रहती है।

विशेषज्ञता- दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के घटनाक्रम, मध्य पूर्व के मामलों के साथ ही वैश्विक तनाव और घटनाओं का भारत पर होने असर के बारे में विश्लेषण प्रस्तुत करना।

पत्रकारिता अनुभव- डिजिटल और टीवी में 12 साल का अनुभव
विवेक सिंह ने अमर उजाला डॉट कॉम के साथ साल 2013 में देहरादून से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद हैदराबाद में न्यूज 18 यूपी/उत्तराखंड के साथ जुड़कर टीवी न्यूज की आउटपुट डेस्क में काम किया। बेंगलुरु में रहकर डिजिटल स्टार्टअप आवाज न्यूज वीडियो एप की फाउंडिंग टीम का हिस्सा बने और उसे लीड किया। इसके बाद वन इंडिया हिंदी, एबीपी न्यूज के साथ काम किया।… और पढ़ें