US Iran War Live: ईरान ने अमेरिकी ड्रोन गिराया, कुवैत-बहरीन और जॉर्डन में किया हमला, US बेस पर अटैक


Iran-US War Live: अमेरिका और ईरान के बीच टकराव थमने के जगह और तेज होता दिख रहा है. नए घटनाक्रम में अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ एक और बड़ा सैन्य अभियान चलाया. इस बार सिर्फ सैन्य ठिकाने ही नहीं, बल्कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की ओर बढ़ रहे एक तेल टैंकर को भी निशाना बनाया गया. अमेरिकी सेना का दावा है कि उसने मिसाइल दागकर जहाज को बीच रास्ते में ही रोक दिया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, नई कार्रवाई का मकसद उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना है, जिनका इस्तेमाल ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए खतरा पैदा करने में कर रहा है.

हमलों के दौरान ईरान के कई शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं. सरकारी और अर्ध-सरकारी मीडिया के अनुसार, चाबहार, बंदर अब्बास, केश्म द्वीप और अहवाज में विस्फोट हुए. रिपोर्टों में कहा गया कि चाबहार में नेवी का एक निगरानी टावर भी हमले की चपेट में आया. ईरानी मीडिया का कहना है कि यह नागरिक समुद्री सुरक्षा और मछुआरों के खोज एवं बचाव अभियान के लिए इस्तेमाल होने वाली फैसिलिटी थी. अहवाज में भी हालात तनावपूर्ण रहे.

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क प्रमुख हुसैन केरमनपूर ने बताया कि मिसाइल हमले के कारण बाघाई कैंसर अस्पताल के आसपास का इलाका प्रभावित हुआ. तेज धमाकों और कंपन के बाद कई कैंसर मरीज और उनके परिजन घबराकर अस्पताल से बाहर निकल आए. उधर, अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर को रोकने का भी दावा किया है. CENTCOM के अनुसार, कुराकाओ के झंडे वाला एम/टी बेल्मा नाम का खाली तेल टैंकर ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था. अमेरिकी सेना का कहना है कि जहाज को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उसने कथित तौर पर नाकाबंदी का उल्लंघन करने की कोशिश जारी रखी. इसके बाद एक अमेरिकी जेट ने हेलफायर मिसाइल दागकर जहाज की चिमनी (स्मोकस्टैक) को निशाना बनाया, जिससे वह आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया.

CENTCOM का यह भी दावा है कि मौजूदा नौसैनिक अभियान के दौरान अब तक तीन जहाजों को रोका जा चुका है, जिन्हें ईरान की ओर जाते हुए पकड़ा गया. इन घटनाओं के साथ ही खाड़ी क्षेत्र में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है.

US-Iran War: लेबनान का हिज्बुल्ला को इशारा- देश में नहीं चलेगा दोहरा ढांचा

लेबनान के विदेश मंत्री यूसुफ रज्जी ने कहा है कि अब देश में सत्ता का दोहरा ढांचा नहीं चलेगा. उनका इशारा हिजबुल्लाह को निशस्त्र करने के फैसले की ओर था. उन्होंने कहा कि अब राज्य की कानूनी व्यवस्था के बाहर किसी भी हथियार या सरकारी संस्थाओं से बाहर लिए गए फैसलों के लिए कोई जगह नहीं है. रज्जी ने कहा कि हिजबुल्लाह के सैन्य विंग को समाप्त करने का फैसला लेबनान का संप्रभु निर्णय है. उनके अनुसार, यह फैसला अमेरिका में इजरायल के साथ हुए रूपरेखा समझौते से पहले ही लिया जा चुका था. इससे यह स्पष्ट हो गया है कि अब युद्ध और शांति से जुड़े फैसले तथा विदेश नीति का अधिकार केवल लेबनान सरकार के पास रहेगा. 26 जून को वॉशिंगटन में हुई बैठक में एक रूपरेखा समझौता हुआ था, जिसमें इजरायल-लेबनान युद्ध समाप्त करने और हिजबुल्लाह समेत सभी सशस्त्र समूहों को निशस्त्र करने की बात कही गई थी.

 

US-Iran War: नेतन्याहू ने रद्द की अमेरिका की यात्रा

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अब अगले सप्ताह अमेरिका नहीं जाएंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की स्मृति सभा स्थगित होने के कारण उनकी यात्रा रद्द कर दी गई है. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नेतन्याहू शनिवार को अमेरिका रवाना होने वाले थे और मंगलवार तक वहां रहने की योजना थी. लिंडसे ग्राहम का पिछले सप्ताह एक संक्षिप्त और अचानक हुई बीमारी के बाद निधन हो गया था. नेतन्याहू ने उन्हें अपना करीबी मित्र, इजरायल का मजबूत समर्थक और अमेरिका-इजरायल संबंधों को मजबूत करने वाला नेता बताते हुए उनकी सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की.

ईरान ने अमेरिकी हमले के बदले मिडिल-ईस्ट का इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह करने की धमकी दी

अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते हवाई हमलों से मध्य एशिया संकट फिर बढ़ गया है. अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान गल्फ देशों को निशाना बना रहा है. ईरान के खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल इब्राहिम जोल्फाघरी ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने उसके बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचाया तो वो मिडिल ईस्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह कर देंगे.

Oil Price Today: US-Iran तनाव के बीच कच्चा तेल सस्ता

Middle East Crisis: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली. कारोबारी अमेरिकी हमलों के बाद सप्लाई पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 44 सेंट (0.52%) गिरकर 84.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई. इस सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े सैन्य टकराव के बाद तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था. हालांकि अब निवेशक होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई और आगे की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

US-Iran War: ईरान के स्कूल पर अमेरिकी हमले की जांच महीनों से अधर में, रिपोर्ट में दावा

Middle East Crisis: एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के मिनाब स्थित शजारेह तैय्यबा स्कूल पर हुए अमेरिकी हमले की जांच महीनों से आगे नहीं बढ़ी है. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के एक सप्ताह के भीतर शुरुआती Battle Damage Assessment पूरा हो गया था. इसमें संकेत मिले थे कि हमला इसी स्कूल पर हुआ था. हालांकि, जांच के तीसरे और अहम चरण की शुरुआत अब तक नहीं की गई. इस चरण में आमतौर पर Defense Intelligence Agency (DIA) समेत खुफिया एजेंसियां सैटेलाइट तस्वीरों और अन्य खुफिया सूचनाओं का विस्तृत विश्लेषण करती हैं, ताकि हमले के असर और पूरी घटना का आकलन किया जा सके. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जुलाई की शुरुआत तक भी यह समीक्षा शुरू नहीं हुई थी. हालांकि, इस दावे पर अमेरिकी सेना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

US-Iran War: ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करना गलत फैसला-ज्यादातर अमेरिकियों की राय

Middle East Crisis: एक नए YouGov-The Economist Poll के मुताबिक, 57% अमेरिकी मानते हैं कि ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने का फैसला गलत था. वहीं सिर्फ 27% लोगों ने इसे सही निर्णय बताया. सर्वे में यह भी सामने आया कि 46% अमेरिकी मानते हैं कि यह युद्ध अभी एक साल या उससे अधिक समय तक चल सकता है. पोल के अनुसार, अब केवल 8% लोग मानते हैं कि यह युद्ध एक महीने के भीतर खत्म हो जाएगा या पहले ही समाप्त हो चुका है. मार्च में यह आंकड़ा 20% था.

Bahrain Attack: बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर फिर बड़ा हमला- IRGC का दावा

Iran-US War: ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर एक और बड़ा हमला किया है. IRGC के मुताबिक, हमले में अमेरिकी सेना के एयर सर्विलांस और कंट्रोल रडार पूरी तरह नष्ट कर दिए गए. साथ ही लड़ाकू विमानों के फ्यूल पंपिंग स्टेशन को भी निशाना बनाया गया. इससे पहले ईरानी सेना ने भी दावा किया था कि उसने इसी एयरबेस पर ड्रोन हमले कर Super Hawk रडार, Patriot एयर डिफेंस सिस्टम और संचार नेटवर्क को निशाना बनाया.

Jordan Attack: IRGC का दावा- जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला

Iran-US War: ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर खैबर-शेकन (Khyber-Shakan) बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है. IRGC का कहना है कि इस हमले में अमेरिकी लड़ाकू विमानों के स्टोरेज एरिया और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया. संगठन ने दावा किया कि यह कार्रवाई अमेरिका के हालिया हमलों के जवाब में की गई. IRGC ने जॉर्डन की जनता से भी अपील की कि उनकी जमीन का इस्तेमाल अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए न करे.

Jordan Attack: जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइल हमला- ईरान

Iran-US War: ईरान के IRGC ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक एयरबेस पर खैबर-शेकन (Khyber-Shakan) बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है. IRGC का कहना है कि इस हमले में अमेरिकी लड़ाकू विमानों के स्टोरेज एरिया और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया. संगठन ने दावा किया कि यह कार्रवाई अमेरिका के हालिया हमलों के जवाब में की गई. IRGC ने जॉर्डन की जनता से भी अपील की कि उनकी जमीन का इस्तेमाल अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के लिए न करे.

Iran-US War: हमादान प्रांत में रातभर अमेरिकी हमले, कई जगह बने निशाना

Middle East Crisis: ईरान के पश्चिमी हमादान प्रांत में देर रात अमेरिकी हमले किए गए. ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के अनुसार, कबूदारआहंग काउंटी में कई स्थानों को निशाना बनाया गया. IRIB ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि हमलों में कई इलाकों पर हमला हुआ, लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इससे पहले ईरानी मीडिया ने सेमनान शहर में भी हमलों की खबर दी थी. वहीं राजधानी तेहरान में संभावित हवाई खतरे को देखते हुए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए थे.

Trump-Iran News: ईरान से रिहा अमेरिकी नागरिक की पहचान आई सामने

Middle East Crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान से रिहा किए जाने के दावे के बाद अमेरिकी नागरिक की पहचान डेना करारी (Dena Karari) के रूप में हुई है. करारी के वकील जारेड जेंसर ने बताया कि वह दिसंबर 2024 से ईरान में फंसी हुई थीं और अब अमेरिका लौट रही हैं. उनका आरोप है कि करारी को ‘झूठे आरोपों’ के आधार पर ईरान छोड़ने से रोका गया था.

Ahvaz Hospital: अमेरिकी हमलों के बाद अस्पताल से 211 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

Iran-US War: ईरान के अहवाज शहर में अमेरिकी हमलों के बाद शहीद बघाई अस्पताल से 211 मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है. ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के मुताबिक, हमलों के बाद एहतियातन अस्पताल को खाली कराया गया. सभी मरीजों को आसपास के मेडिकल सेंटरों में सुरक्षित पहुंचाया गया. इससे पहले ईरानी अधिकारियों ने बताया था कि अमेरिकी हमलों के दौरान अस्पताल भी प्रभावित हुआ था.

Iran Attack US Base Live: ईरान ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमले का दावा किया

Middle East Crisis: ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने ‘ऑपरेशन लाइटनिंग’ के दसवें चरण में कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस पर अमेरिकी रडार सिस्टम, Patriot एयर डिफेंस सिस्टम और ईंधन टैंकों पर हमला किया गया. वहीं बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर ड्रोन हमले में अमेरिकी सेना के संचार तंत्र, Super Hawk रडार और Patriot सिस्टम को निशाना बनाने का दावा किया गया है.

Iran-US War: पांचवें दिन भी जारी अमेरिकी हमले, ट्रंप बड़े सैन्य ऑपरेशन पर कर रहे विचार

Middle East Crisis: अमेरिका ने लगातार पांचवें दिन भी ईरान पर हमले किए. अमेरिकी सेना का कहना है कि इन हमलों का मकसद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाने की ईरान की क्षमता को कमजोर करना है.

  • ईरान में ताजा हमले: बंदर अब्बास, अहवाज, चाबहार समेत कई शहरों में धमाकों की खबर है. तेहरान में भी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए गए. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हालिया अमेरिकी हमलों में 260 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
  • होर्मुज पर फोकस: अमेरिका ने कमांड सेंटर, एयर डिफेंस, मिसाइल-ड्रोन ठिकानों और तटीय निगरानी केंद्रों पर हमले किए. इससे पहले रणनीतिक ग्रेटर तुंब द्वीप को भी निशाना बनाया गया था.
  • Trump का बड़ा प्लान: CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब सैन्य अभियान को और बड़ा करने पर विचार कर रहे हैं. इसमें ईरान के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र खर्ग द्वीप और परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बताए जा रहे पिकऐक्स माउंटेन के भूमिगत ठिकानों को निशाना बनाने का विकल्प शामिल है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
  • अमेरिकी नागरिक रिहा: ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने दिसंबर 2024 से हिरासत में रही अमेरिकी महिला डेना करारी को रिहा कर दिया है.

Iran Retaliation: अमेरिकी सैन्य ढांचे पर हमले जारी रहेंगे- IRGC

Middle East Crisis: ईरान ने साफ किया है कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ऑफेंसिव इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने का अभियान जारी रहेगा. IRGC के प्रवक्ता ने कहा कि जवाबी कार्रवाई के अगले चरण भी शुरू किए जा सकते हैं. इस बीच तेहरान, पाकदश्त और परचिन में एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय रहे. वहीं सेमनान, खोर्रमाबाद, खोंदाब, क़ेश्म द्वीप, बंदर अब्बास, सिरिक और कोनारक में भी हमलों और धमाकों की खबरें सामने आई हैं. IRGC ने यह भी दावा किया कि उसने खुज़ेस्तान के एंडिमेश्क के ऊपर एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराया. साथ ही संगठन ने क्षेत्र में कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले करने का भी दावा किया. हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

Iraq News: इराक ने एरबिल ड्रोन हमलों की निंदा की, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Middle East Crisis: इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने कुर्दिस्तान क्षेत्र के एरबिल में हुए ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि इराक अपनी सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगा. साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को कुर्द क्षेत्रीय बलों के साथ मिलकर आगे ऐसे हमले रोकने के निर्देश दिए गए हैं. इससे पहले एरबिल पुलिस ने बताया था कि शहर में 5 ड्रोन हमले हुए. इनमें से एक ड्रोन अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास मार गिराया गया, जिससे आग लग गई और दूतावास का एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गया.

Jordan-Iran Tension: ईरान की 8 मिसाइलें हवा में मार गिराईं- जॉर्डन का दावा

Middle East Crisis: जॉर्डन की सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर से दागी गई 8 मिसाइलों को अपने हवाई क्षेत्र में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के मुताबिक, सैन्य अधिकारियों ने कहा कि मिसाइलों के मलबे कई जगह गिरे, लेकिन किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान की सूचना नहीं है. जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसके इंजीनियरिंग दस्तों ने मलबे को सुरक्षित कर लिया है और वायुसेना पूरी सतर्कता के साथ हवाई क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है. इससे पहले ईरान ने दावा किया था कि उसने जॉर्डन के अजराक एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाया है.

Tehran Update: पाकदश्त और परचिन में किसी के हताहत होने की खबर नहीं, IRGC का दावा

Iran-US War: ईरान के IRGC ने कहा है कि पाकदश्त और परचिन में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. IRGC के मुताबिक, तेहरान के पास पाकदश्त में सुनाई दिए धमाके एयर डिफेंस सिस्टम की कार्रवाई का हिस्सा थे. संगठन ने कहा कि पाकदश्त और परचिन सैन्य परिसर में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है.

Trump Statement: बातचीत का रास्ता खुला, लेकिन ईरान पर सैन्य दबाव बढ़ेगा- ट्रंप

Middle East Crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ कूटनीतिक समाधान की संभावना अभी भी बनी हुई है. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने तेहरान पर सैन्य दबाव और बढ़ाने का संकेत दिया. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाता रहेगा. उनका कहना है कि वॉशिंगटन नहीं चाहता कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करे. ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान मानवाधिकारों का उल्लंघन करता है और राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई करता है. उनके मुताबिक, बातचीत का विकल्प खुला है, लेकिन फिलहाल अमेरिका का फोकस ईरान पर दबाव बढ़ाने पर है.

Jordan Attack: ईरान का दावा- जॉर्डन के अजराक एयरबेस पर ड्रोन से हमला

Iran-US War: ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन के अजराक एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को ड्रोन हमले में निशाना बनाया है. ईरानी समाचार एजेंसी फार्स के मुताबिक, हमले में संचार प्रणाली, स्थायी रडार साइट और ईंधन डिपो को निशाना बनाया गया. ईरान ने इसे अपने ‘साएकेह’ (Saeqeh) अभियान का नौवां चरण बताया. ईरान का कहना है कि यह कार्रवाई हाल में उसके सैन्य ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में की गई है. हालांकि, इस दावे की जॉर्डन या अमेरिका की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.



Leave a Comment